प्रेमी के संग घूमते परिजनाें ने देख लिया, युवती ने मकान से कूदकर दी जान...

वाराणसी : लंका थाना क्षेत्र के नगवा इलाके में 20 वर्षीय एक युवती ने तीन मंजिला मकान से कूदकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली. सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद युवती के परिवार में मातम पसर गया.
पुलिस के अनुसार, युवती अपने प्रेमी के साथ नगवा पार्क की ओर से घूम कर लौट रही थी. इसी दौरान रास्ते में उसके परिजनों की नजर दोनों पर पड़ गई. परिजन युवती को अपने साथ ले जाने लगे, लेकिन वह हाथ छुड़ाकर भागी और घर से कुछ दूरी पर स्थित एक तीन मंजिला मकान पर चढ़ गई. इसके बाद उसने ऊपर से छलांग लगा दी. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

युवती के पिता स्थानीय बाजार में एक दुकान पर कार्य करते हैं. परिवार में दो बेटे और एक बेटी थी, जिसमें युवती सबसे बड़ी थी. परिजनों ने पुलिस को बताया कि क्षेत्र के एक युवक से पिछले करीब एक वर्ष से युवती की नजदीकियां थीं. युवक दूसरी बिरादरी का होने के कारण परिवार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था.
ALSO READ : वाराणसी में तैयार होगा घड़ियालों का कुनबा, बनेगा प्रजनन केंद्र...
थाना प्रभारी निरीक्षक लंका राजकुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के परिवार की तहरीर पर आरोपित प्रेमी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है. इस घटना ने क्षेत्र में एक बार फिर से पारिवारिक संबंधों और युवा प्रेम के मुद्दे को उजागर किया है. युवती की आत्महत्या ने न केवल उसके परिवार को बल्कि पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है.



