बीएचयू अस्पताल के एमएस पद के लिए 14 दावेदार

वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के सर सुंदरलाल अस्पताल को इस सप्ताह नया चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) मिल सकता है. अस्पताल में एमएस के पांच साल के स्थायी पद पर नियुक्ति के लिए बुधवार को होलकर भवन में साक्षात्कार होगा. इस प्रतिष्ठित पद के लिए देश के कई दिग्गज चिकित्सक शामिल हैं. बीएचयू अस्पताल के एमएस पद के लिए जारी विज्ञापन के बाद 20 से अधिक चिकित्सकों ने आवेदन किया था. आवेदन पत्रों की गहन जांच के बाद स्क्रूटनी कमेटी ने साक्षात्कार के लिए 14 नामों को फाइनल किया है. इनमें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) नई दिल्ली की एक पीडियाट्रिक सर्जन समेत आईएमएस बीएचयू के ही 13 वरिष्ठ प्रोफेसर शामिल हैं. दावेदारों में बीएचयू के पूर्व एमएस और पूर्व डिप्टी एमएस भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. वर्तमान में इस पद की जिम्मेदारी मेडिसिन विभाग के प्रो. केके गुप्ता संभाल रहे हैं.
ALSO READ: पहली ही बारिश में खुली बनारस रेलवे स्टेशन की व्यवस्थाओं की पोल, प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर पंखों और शेड से टपका पानी
साक्षात्कार के लिए बुलाए गए 14 दावेदारों में न्यूरोलॉजी, जनरल मेडिसिन और जनरल सर्जरी विभाग से दो-दो प्रोफेसर शामिल हैं. इसके अलावा आर्थोपेडिक्स, स्त्री रोग विभाग, रेडियोलाजी, एनेस्थीसिया, जीरियाट्रिक मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और बायोकेमिस्ट्री विभाग से एक-एक प्रोफेसर ने अपनी दावेदारी पेश की है. साक्षात्कार में एम्स दिल्ली से प्रो. शिल्पा शर्मा, आईएमएस बीएचयू से प्रो. विजयनाथ मिश्रा, प्रो. आरएन चौरसिया, प्रोफेसर सौरभ सिंह, प्रो. अनूप सिंह, प्रो. शिवेंद्र सिंह, प्रो. अमित नंदन धर द्विवेदी, प्रो. अंजलि रानी, प्रो. अनिल पासवान, प्रो. एसके भारतीय, डॉ. पुनीत, प्रो. एसपी मिश्रा, प्रो. धीरज किशोर और प्रो. दीपक गौतम शामिल होंगे. होलकर भवन में होने वाले इस कड़े मुकाबले के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन इसी हफ्ते बीएचयू अस्पताल के नए एमएस के नाम पर मुहर लगा सकती है. बीएचयू की कार्यकारिणी परिषद (ईसी) की बैठक में माना गया था कि सर सुंदरलाल अस्पताल में चिकित्सा अधीक्षक और ट्रामा सेंटर प्रभारी के पदों पर नई नियुक्तियों में देरी हुई है.



