18वीं ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति हॉकी प्रतियोगिता अब लालपुर एस्ट्रोटर्फ मैदान पर होगी

वाराणसी: विवेक अकादमी समिति द्वारा आयोजित 18वीं ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यूपी कॉलेज परिसर में होना था. किंतु स्मार्ट सिटी परियोजना द्वारा अभी तक यूपी कॉलेज का खेल मैदान कॉलेज प्रशासन को हस्तांतरित नहीं किए जाने के कारण समिति ने निर्णय लिया है कि इस वर्ष प्रतियोगिता लालपुर एस्ट्रो टर्फ मैदान पर आयोजित की जाएगी.
यूपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश सिंह एवं सचिव श्री मनोज सिंह ने आश्वासन दिया है कि जैसे ही यूपी कॉलेज का मैदान पूर्ण रूप से तैयार होकर कॉलेज को उपलब्ध होगा, अगले वर्ष से यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता पुनः यूपी कॉलेज परिसर में ही आयोजित की जाएगी. ओलंपियन विवेक सिंह का जन्म, पालन-पोषण और खेल जीवन की शुरुआत इसी परिसर से हुई थी तथा उन्होंने यहीं से आगे बढ़कर ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाया.
इस वर्ष प्रतियोगिता में प्रदेश की 12 टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट आधार पर खेली जाएगी. सभी टीमों को चार समूहों में विभाजित किया गया है. प्रत्येक समूह की विजेता टीम सेमीफाइनल में प्रवेश करेगी, जिसके बाद फाइनल मुकाबला खेला जाएगा.
प्रतियोगिता में U. P Police, लखनऊ स्पोर्ट्स हॉस्टल, झांसी स्पोर्ट्स हॉस्टल, साई (SAI), वाराणसी, रेलवे गोरखपुर, विवेक अकादमी, गंगापुर, लालपुर, बीएचयू, भदोही and UP college सहित कुल 12 टीमें भाग लेंगी। यह उत्तर प्रदेश के लिए गर्व का विषय है कि वाराणसी में इतने बड़े स्तर की हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है.
ALSO READ: बाबा विश्वनाथ के दरबार पहुंचीं अभिनेत्री इशिता गांगुली
प्रतियोगिता का संचालन ओलंपियन राहुल सिंह करेंगे. इस अवसर पर उन्होंने यूपी हॉकी के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के मुख्य चयनकर्ता श्री आर.पी. सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हो पाया है.
प्रतियोगिता का आयोजन 15 से 22 जुलाई तक किया जाएगा. उद्घाटन मुकाबला 15 तारीख को सायं 4:00 बजे लालपुर एस्ट्रो टर्फ मैदान पर खेला जाएगा.
प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री एवं वाराणसी शहर दक्षिण के विधायक श्री रविंद्र जायसवाल होंगे. विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री आरपी सिंह उपस्थित रहेंगे.
आयोजकों का विश्वास है कि इस प्रतियोगिता से विवेक अकादमी, यूपी कॉलेज, विकास कॉलेज, बीएचयू तथा अन्य संस्थानों में हॉकी का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा खिलाड़ियों को उत्कृष्ट खिलाड़ियों का खेल देखने, उनसे सीखने और अपने खेल कौशल को निखारने का महत्वपूर्ण अवसर मिलेगा.



