रोड रोलर से नष्ट किए गए 37 मॉडिफाइड साइलेंसर, 95 प्रेशर हॉर्न और 48 हूटर-सायरन.

वाराणसी : यातायात पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर-सायरन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्त किए गए उपकरणों का मंगलवार को रोड रोलर चलाकर विनष्टीकरण कराया। कार्रवाई के दौरान कुल 180 उपकरणों को नष्ट किया गया।
यातायात निदेशालय और उच्चाधिकारियों के निर्देश पर वर्ष 2026 में अलग-अलग तिथियों पर चलाए गए अभियानों के दौरान यातायात पुलिस ने वाहनों से इन अवैध उपकरणों को जब्त किया था। मंगलवार को अपर पुलिस उपायुक्त, यातायात एवं यातायात निरीक्षक, मुख्यालय की मौजूदगी में जब्त सामग्री को रोड रोलर के माध्यम से नष्ट कराया गया।

विनष्टीकरण की कार्रवाई में 37 मॉडिफाइड साइलेंसर, 95 प्रेशर हॉर्न और 48 हूटर/सायरन शामिल रहे। यातायात पुलिस के अनुसार, वाहनों में लगाए जाने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से अत्यधिक ध्वनि प्रदूषण होता है। वहीं, हूटर और सायरन का अनधिकृत इस्तेमाल सड़क पर दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए परेशानी के साथ दुर्घटना का जोखिम भी बढ़ा सकता है।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर-सायरन का इस्तेमाल न करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार प्रवर्तन कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
ALSO READ : बीएचयू के वरिष्ठ डॉक्टर ने छात्रों पर बदसलूकी का लगाया आरोप, लंका थाने से मांगी सुरक्षा.
यातायात पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। यातायात संबंधी सहायता के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम 7839856994 और ट्रैफिक हेल्पलाइन 7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है।



