डीजे पर नाच-गाने के विवाद में मारपीट, घायल युवक की हुई मौत

वाराणसी: जिले के सिंधौरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बूची गांव में होली के उत्सव के दौरान डीजे पर नाचने और गाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया. इस मारपीट में एक दलित अधेड़ व्यक्ति त्रिलोकी राम (55 वर्ष) की पीट-पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. होली के दिन हुई इस घटना मं उन्हें बचाने की कोशिश करने वाले उनके पांच परिजन भी गंभीर रूप से घायल हो गए. सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां त्रिलोकी की गुरुवार को मौत हो गई.
![]()
दो पक्षों के बीच हुई तीखी बहस
घटना के अनुसार, गांव में होली मनाने के दौरान डीजे बज रहा था. दो पक्षों के बीच डीजे पर मनपसंद गाने बजाने या नाचने को लेकर तीखी बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई. आरोप है कि कुछ लोगों ने लाठी, डंडे, ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया. इस हमले में त्रिलोकी राम के सिर में गंभीर चोट लगी. त्रिलोकी राम को बचाने पहुंचे उनके बेटे राहुल (29), मुलायम (25) तथा अन्य परिजन छेदी (42), फूलपत्ती (36) और जयप्रकाश (45) को भी जमकर पीटा गया. सभी घायलों को पहले निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उनकी हालत बिगड़ने पर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया. इलाज के दौरान गुरुवार सुबह त्रिलोकी राम ने दम तोड दिया.
यह भी पढ़ें: तेज रफ्तार खुली जीप ने ले ली युवक की जान, चालक गिरफ्तार
हत्या का मामला दर्ज
मृतक के परिजनों ने गांव के ही नरमू, गुड्डू, राजा, संदीप और गोविंदा सहित कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट और हत्या का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच जारी है. घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, इसलिए पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं और सतर्कता बरत रही है.
![]()
ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत
वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में बहादुरपुर रेलवे क्रॉसिंग के समीप गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसा घटित हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई. मिली जानकारी के अनुसार, बहादुरपुर गांव निवासी 39 वर्षीय सुरेंद्र कुमार भारती पुत्र भैया लाल रात में शौच के लिए रेलवे क्रॉसिंग पार करके दूसरी ओर गए हुए थे. कार्य से निवृत्त होने के बाद जब वह वापस अपने घर की ओर लौट रहे थे, उसी दौरान अचानक तेज गति से आ रही ट्रेन ने उन्हें चपेट में ले लिया. ट्रेन की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पीड़ित के परिवार में कोहराम मच गया. मृतक तीन नाबालिग बच्चों का पिता था, जिसमें दो पुत्र और एक पुत्री शामिल हैं. घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. थाना प्रभारी चौबेपुर वीरेंद्र सोनकर ने बताया कि मामले की प्राथमिक जांच शुरू कर दी गई है और रेलवे पुलिस को भी सूचित कर दिया गया है.

