तेज रफ्तार खुली जीप ने ले ली युवक की जान, चालक गिरफ्तार

वाराणसी: होली के दिन खुली जीप पर हुड़दंग करना एक युवक को भारी पड़ गया. चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना बाजार के पास वाराणसी-आजमगढ़ मार्ग पर तेज रफ्तार खुली जीप की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था.
मृतक की पहचान रोहित राजभर, निवासी धरसौना के रूप में हुई थी.
![]()
बताया जा रहा है कि वह सड़क किनारे अपने साथियों के साथ होली खेल रहा था, तभी रंग खेलते हुए घूम रही एक खुली जीप अचानक उसकी तरफ बढ़ी और उसे कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया कि चालक ने जानबूझकर हत्या के इरादे से जीप से कुचल दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जीप पर सवार कुछ युवक होली खेलते हुए इधर-उधर घूम रहे थे, तभी यह हादसा हो गया.
यह भी पढ़ें: वाराणसी के शिवपुर स्टेशन पर शुरू हुआ वरुणा एक्सप्रेस का ठहराव, रविन्द्र जायसवाल ने दिखाई हरी झंडी

मामले में चोलापुर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चालक प्रिंस मोदनवाल, निवासी चोलापुर बाजार के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) [आईपीसी 302] के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज किया. पुलिस ने आरोपी को गुरुवार को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया. पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है.


