वाराणसी में मदरसे की लिफ्ट गिरने से बड़ा हादसा, युवक की मौत, एक घायल

वाराणसी: भेलूपुर थाना क्षेत्र में पाण्डेय हवेली स्थित जामिया हमीदिया रिजविया निसवा मदरसे में मंगलवार की शाम उस समय दर्दनाक हादसा हो गया जब लिफ्ट टूट गिर पड़ी. इस दौरान उसमें मौजद 22 वर्षीय युवक आसिफ आदिल की मौत हो गई वहीं, दूसरे युवक हसनैन रजा का बीएचयू के ट्रामा सेंटर में इलाज चल रहा है. इस हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है. पीड़ित परिवार ने घटनाक्रम के बारे में देर रात तक कोई जानकारी नहीं दी. पुलिस की ओर से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है.

मांगलिक आयोजन में हुए कुछ लोग शामिल
जानकारी के अनुसार, चार मंजिला मदरसा के कम्युनिटी हाल में कुछ लोग मांगलिक आयोजन के लिए एकत्रित हुए थे. इसी दौरान, मदनपुरा निवासी 22 वर्षीय आसिफ आदिल और मदनपुरा के ही 20 वर्षीय हसनैन रजा लिफ्ट में सवार होकर नीचे आ रहे थे. इस बीच अचानक लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई. रेवड़ी तालाब पुलिस चौकी पर किसी ने सूचना दी, जिसके बाद पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बीएचयू के ट्रामा सेंटर ले जाकर भर्ती कराया. हालांकि युवक की मौत हो गई.

चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव ने दिखाई तत्परता
एसीपी गौरव कुमार ने बताया कि चौकी प्रभारी शिवम श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाई, जिससे गोल्डन आवर (हादसे के बाद का एक घंटा) में इलाज शुरू हो पाया. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस घटना की वजह जानने के लिए जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि लिफ्ट का वायर टूटने के कारण यह दुर्घटना हुई, जिससे एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया. इस घटना ने मदरसे में उपस्थित लोगों को हिला कर रख दिया. स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा शोक है और सभी पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं.
यह भी पढ़ें: लखनऊ समेत 20 शहरों में बारिश, चौपट हुई किसानों की उपजाऊ फसल
इस प्रकार की घटनाएं सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर करती हैं, जिससे भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं से बचने के लिए आवश्यक कदम उठाने की आवश्यकता है. पुलिस की जांच से यह स्पष्ट होगा कि इस हादसे के पीछे की असली वजह क्या थी.



