बिजली उपभोक्ताओं के लिए मेगा कैंप आज से, बिल सुधार से लेकर नए कनेक्शन तक मौके पर होंगे काम...

वाराणसी: बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान और विभागीय सेवाओं को आसान बनाने के उद्देश्य से नगरीय विद्युत वितरण खंड वरुणापार की ओर से मेगा कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यह विशेष कैंप 15, 16, 18, 20 और 22 मई को इमिलिया घाट स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में लगाया जाएगा. इसके अलावा 19 मई को उपखंड अधिकारी बड़ालालपुर कार्यालय और 21 मई को उपखंड अधिकारी तरना कार्यालय में भी उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए कैंप आयोजित होंगे.
बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार कैंप में उपभोक्ताओं की लंबित समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया जाएगा. बिजली बिल में त्रुटि सुधार, मीटर संबंधी शिकायतें, नाम परिवर्तन, बकाया भुगतान, नए कनेक्शन से जुड़ी प्रक्रिया और लोड बढ़ाने या घटाने जैसे कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएंगे. इसके साथ ही उपभोक्ताओं को ऑनलाइन सेवाओं और डिजिटल भुगतान के प्रति भी जागरूक किया जाएगा.
ALSO READ :पीएम मोदी की ‘कम काफिला’ अपील के बीच मंत्री हंसराज का शक्ति प्रदर्शन, एयरपोर्ट से BLW तक थमी शहर की रफ्तार...
विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे निर्धारित तिथियों पर कैंप में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि कार्यवाही में किसी प्रकार की दिक्कत न हो. अधिकारियों का कहना है कि कैंप का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना और सेवाओं को पारदर्शी व सरल बनाना है.
बिजली विभाग की इस पहल से शहर के हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है.



