पीएम मोदी की ‘कम काफिला’ अपील के बीच मंत्री हंसराज का शक्ति प्रदर्शन, एयरपोर्ट से BLW तक थमी शहर की रफ्तार...

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार जनप्रतिनिधियों और वीआईपी मूवमेंट में सादगी व कम से कम काफिले की बात कहते रहे हैं, लेकिन काशी में शुक्रवार को इसका उल्टा नजारा देखने को मिला. उत्तर प्रदेश सरकार में हाल ही में राज्यमंत्री बने हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत में ऐसा लंबा काफिला निकला कि एयरपोर्ट रोड से लेकर मंडुआडीह और बीएलडब्ल्यू तक कई जगह ट्रैफिक थम गया.
राज्यमंत्री बनने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे हंसराज विश्वकर्मा के स्वागत के लिए समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. बाबतपुर एयरपोर्ट से निकलते ही दर्जनों लग्जरी गाड़ियां, एसयूवी और दोपहिया वाहन काफिले में शामिल हो गए. कई जगह समर्थक सड़क पर उतरकर नारेबाजी और फूल-मालाओं के साथ स्वागत करते दिखे.
काफिले की वजह से एयरपोर्ट रोड, कैंट, मंडुआडीह और बीएलडब्ल्यू मार्ग पर लंबा जाम लग गया। आम राहगीरों, ऑफिस जाने वालों और स्कूल वाहनों को भी काफी देर तक रुकना पड़ा. ट्रैफिक पुलिस को कई जगह डायवर्जन करना पड़ा, लेकिन फिर भी शहर की रफ्तार धीमी रही.
ALSO READ :ईंधन की कीमतों में बड़ा इजाफा: पेट्रोल-डीजल ₹3 प्रति लीटर तक महंगा, आम आदमी की बढ़ी चिंता...
स्थानीय लोगों के बीच इसको लेकर चर्चा रही कि एक ओर प्रधानमंत्री मोदी वीआईपी संस्कृति कम करने और छोटे काफिलों की नसीहत देते हैं, वहीं दूसरी ओर उनके संसदीय क्षेत्र में ही मंत्री स्वागत के नाम पर भारी वाहन रैली निकाल रहे हैं. राजनीतिक गलियारों में भी इस पूरे घटनाक्रम को शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है.



