मथुरा से लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप पलटी, 10 लोग घायल

वाराणसी: मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में रूपापुर के पास नेशनल हाईवे 19 पर शुक्रवार की सुबह करीब 4:30 बजे एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलटने से बडा हादसा हो गया. इस हादसे में 10 लोग घायल हो गए. पिकअप में लगभग 20 से 25 श्रद्धालु सवार थे, जो मथुरा में होली खेलकर और दर्शन करने के बाद बिहार के भभुआ स्थित अपने गांव लौट रहे थे.

तेज रफ्तार वाहन हादसे का शिकार
जानकारी के अनुसार, पिकअप संख्या BR 45 GB 4022 प्रयागराज की ओर से आ रही थी. वाहन तेज रफ्तार में था, ड्राइवर को झपकी आई और अचानक गाड़ी से नियंत्रण खो गया, जिससे पिकअप सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे.
यह भी पढ़ें: मंडलायुक्त ने की जनसुनवाई, शिकायतों के जल्द निस्तारण के दिए निर्देश
घायलों में राजकुमार, गुड्डू, पुजारी, संगीता, उषा, विक्की और रामप्यारे सहित कुल 10 लोग शामिल हैं. सूचना के बाद पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है. वाहन में सवार अधिकांश यात्री बिहार के मोहनिया, दादर और आसपास के गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं.

घर लौटते वक्त हुआ हादसा
हादसे में जिन लोगों को गंभीर चोटें नहीं आईं, वे सड़क किनारे बैठकर एक-दूसरे को संभालते नजर आए. कई यात्रियों ने बताया कि मथुरा में होली खेलने के बाद लौटते समय यह हादसा हुआ. ईश्वरीय कृपा से ही हम सब बच पाए हैं. दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सडक प्राधिकारी की मदद से पलटी हुई पिकअप को सड़क से हटवाने की कार्रवाई शुरू की, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका.

