वाराणसी में कोर्ट मैरिज के 10 दिन बाद खुला चौंकाने वाला रहस्य, पीड़ित को मिलने लगी धमकियां

वाराणसी - भेलूपुर थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला रहस्य सामने आया है. यहां एक युवक ने पड़ोस की लड़की समझकर कोर्ट मैरिज कर ली, लेकिन शादी के मात्र दस दिनों बाद उसे पता चला कि उसकी नवविवाहिता पत्नी ट्रांसजेंडर है. इस खुलासे से स्तब्ध युवक ने आरोप लगाया है कि सच्चाई सामने आने के बाद उस पर दबाव बनाया गया और पैसे की मांग शुरू हो गई.
पीड़ित युवक के मुताबिक, शादी के बाद पत्नी ने लगातार बीमारी और पेट दर्द का हवाला देकर शारीरिक संबंध बनाने से इनकार किया. दस दिन गुजरने के बाद जब सच का पता चला तो उसके होश उड़ गए. युवक ने विवाह खत्म करने की बात कही तो कथित तौर पर उसे गंभीर अंजाम की धमकियां मिलीं और झूठे केस में फंसाने की बात कही गई.
ALSO READ : यूपी में पर्यटन का अंतरराष्ट्रीय हब बना वाराणसी, 2025 में 14.69 करोड़ सैलानियों ने निहारी दिव्य भव्य काशी
50 हजार रुपये भी वसूले...
आरोपों के अनुसार, धमकियों के बल पर पहले 50 हजार रुपये वसूले गए और अब दो लाख रुपये अतिरिक्त की मांग की जा रही है. युवक का कहना है कि उसे कहा गया कि अगर जेल और मुकदमों से बचना है तो समय-समय पर पैसे देते रहो. इस कथित उत्पीड़न और ब्लैकमेल से तंग आकर पीड़ित युवक ने भेलूपुर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. साथ ही पुलिस कमिश्नर से भी न्याय की अपील की है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के बयान लेकर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है. इस मामले की चर्चा जोरों पर है.

