वाराणसी में मालगाड़ी के पहिए से निकली चिंगारी, लाल झंडी दिखाकर रोकी गई ट्रेन

वाराणसी - उत्तर रेलवे के चौखंडी रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह लगभग 7:00 बजे वाराणसी से भदोही की ओर जा रही मालगाड़ी के हॉट एक्सेल जाम होने के कारण पहिए से चिंगारी निकलने लगी. यह दृश्य देखकर स्टेशन पर तैनात प्वाइंट मैन पंकज कुमार और सेटिंग मास्टर पवन कुमार श्रीवास्तव ने तत्परता दिखाई और ट्रेन को लाल झंडी दिखाकर रोक दिया.
ट्रेन रुकने के बाद, अग्नि संयंत्र का प्रयोग कर आग पर काबू पाया गया. इस घटना की सूचना स्टेशन अधीक्षक अशोक कुमार को दी गई. सूचना मिलते ही उन्होंने मेन लाइन पर अन्य ट्रेनों का आवागमन रोक दिया. इस दौरान, ट्रेन की आधी बोगी को अलग किया गया, जिससे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया जा सका. इसके साथ ही, प्रभावित बोगी के मरम्मत का काम भी शुरू किया गया.
कई ट्रेनों का आवागमन प्रभाविज
ALSO READ : श्रीगणेश पूजन संग बाबा विश्वनाथ धाम में महाविरात्रि उत्सव की औपचारिक शुरूआत
घटना के कारण, लगभग 11:30 बजे तक मेन लाइन पर मालगाड़ी की आधी बोगी खड़ी रही, जिससे कई गाड़ियों का आवागमन प्रभावित हुआ. इस प्रकार की घटनाएं रेलवे सुरक्षा के लिए गंभीर चिंता का विषय है. रेलवे प्रशासन ने इस घटना के बाद सुरक्षा उपायों की समीक्षा करने का निर्णय लिया है. अधिकारियों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और रखरखाव आवश्यक है.
आग लगने की इस घटना ने मालगाड़ी के संचालन को प्रभावित किया है. रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे. रेलवे प्रशासन के अनुसार कर्मचारियों की सतर्कता से ट्रेन को समय से रोका जा सका.



