दूध कारोबारी से बैग छीनकर भागा युवक गिरफ्तार. नकदी समेत पूरा सामान बरामद...

वाराणसी: आदमपुर थाना पुलिस ने पंचायती कुआं निवासी एक दूध कारोबारी से नकदी भरा बैग छीनकर फरार हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीनी गई नकदी, डायरी और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार 3 जून को दूध कारोबारी संतोष सेठ ने तहरीर देकर बताया था कि वह दोपहर करीब 12 बजे दूध की फेरी कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनके हाथ से पैसों से भरा बैग छीनकर फरार हो गया. बैग में करीब 22 हजार रुपये नकद, दूध कारोबार से संबंधित डायरी और आधार कार्ड रखा था.
शिकायत मिलने के बाद आदमपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने राजघाट हरिजन बस्ती निवासी विनोद डोम (24) को काशी स्टेशन के निर्माणाधीन पार्किंग क्षेत्र के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. उसके कब्जे से छीना गया बैग, आधार कार्ड, कारोबार की डायरी तथा 22,200 रुपये नकद बरामद किए गए.
पुलिस के मुताबिक आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक विमल कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक प्रशांत कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सौरभ सिंह, उपनिरीक्षक शत्रुधन सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.



