आदमपुर पुलिस की नाक के नीचे कांग्रेस का अनोखा विरोध, गंगा से लगाई न्याय की गुहार...

वाराणसी : NEET-UG 2026 पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के मुद्दे को लेकर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अनुपम राय ने रविवार को वाराणसी में अनोखा विरोध प्रदर्शन किया. आदमपुर थाना क्षेत्र के भैंसासुर घाट पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मां गंगा से छात्रों को न्याय दिलाने और आगामी परीक्षा को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की प्रार्थना की.

युवा कांग्रेस के संगठन प्रभारी एवं प्रदेश महासचिव अनुपम राय ने कहा कि जिस मां गंगा को साक्षी मानकर प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प लिया था, आज उसी देश के लाखों छात्र परीक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से परेशान हैं.
ALSO READ : नीट पेपर लीक का विरोध, ऑटो-रिक्शा से बनारस पहुंची विधायक पल्लवी पटेल गिरफ्तार
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून को NEET-UG 2026 की पुनर्परीक्षा प्रस्तावित है. ऐसे में युवा कांग्रेस ने मां गंगा से प्रार्थना की है कि परीक्षा बिना किसी पेपर लीक, धांधली और गड़बड़ी के संपन्न हो तथा छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ न हो.
अनुपम राय ने केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्रालय और परीक्षा एजेंसियों से मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, जवाबदेह और विश्वसनीय बनाया जाए.
साथ ही पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि छात्रों और अभिभावकों का भरोसा बहाल हो सके.



