नीट पेपर लीक के विरोध में AAP की प्रार्थना सभा, छात्रों के समर्थन में उठाई निष्पक्ष परीक्षा की मांग...

वाराणसी : नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में आम आदमी पार्टी (AAP) वाराणसी दक्षिणी विधानसभा इकाई ने रविवार को मैदागिन स्थित टाउन हॉल मैदान में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित की.इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रति अपना समर्थन जताया और देश में पारदर्शी एवं पेपर-लीक मुक्त परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की.

सभा को संबोधित करते हुए पार्टी नेताओं ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से देशभर के छात्र जंतर-मंतर पर प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन कर रहे हैं. उनका कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता. उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पूरे प्रकरण की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर भी जोर दिया.
ALSO READ : विदेशी युवती से दुष्कर्म के आरोपी पर 25 हजार का इनाम, पीड़िता ने जारी किए कई वीडियो...
कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि शिक्षाविद एवं पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक छात्रों के समर्थन में भूख हड़ताल पर हैं, जबकि राज्यसभा सांसद संजय सिंह भी जंतर-मंतर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दे चुके हैं.
प्रार्थना सभा में घनश्याम पांडे, रेखा जायसवाल, अब्दुल्ला खान, सरोज शर्मा, विनोद जायसवाल, मोहम्मद आकिब खान, आर.के. उपाध्याय, निलेश कुमार सिंह, जितेंद्र कुमार, सौरभ यादव, विनोद कुशवाहा, ओम कुमार, नरेंद्र गुप्ता, अंकित सेठ, नियाज सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



