वाराणसी में हादसा: ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार सीआरपीएफ जवान घायल

वाराणसी : जिले में रामनगर थाना क्षेत्र के पंचवटी तिराहे पर शनिवार की सुबह ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवान गंभीर रूप से. घायल हो गए. हादसे के बाद मौके अफरा तफरी मच गई. हादसे के बाद स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया. इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया.
जानकारी के अनुसार, आपातकालीन सेवा डायल 112 के माध्यम से पुलिस को पंचवटी तिराहे पर दुर्घटना की खबर मिली. सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रामनगर तथा चौकी इंचार्ज कस्बा पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे.
मौके पर जांच के दौरान पता चला कि तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में घायल स्कूटी चालक की पहचान विंध्याचल कुमार मिश्रा (पुत्र अशोक मिश्रा) के रूप में हुई है. वह मूल रूप से रामेश्वरपुरम कॉलोनी, पंचवटी, रामनगर के निवासी हैं तथा वर्तमान में 95 बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल पहाड़िया में तैनात हैं. हादसे में उनके बाएं पैर में गंभीर चोट आई है.
रामनगर इंस्पेक्टर संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल जवान को इलाज के लिए लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती कराया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया, जिसके बाद एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें बीएचयू भिजवाया गया.
ALSO READ:ग्रामीण विकास केंद्र की प्रशिक्षित महिलाओं से वीसी ने खरीदी राखी, बोले- यह मेरे लिए गौरव का पल
पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रक को कब्जे में लेकर यार्ड में खड़ा करा दिया है. मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था बनी हुई है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है.



