गंगा में नाव पर बीयर पीने वाला आरोपी गिरफ्तार, कार्रवाई में जुटी पुलिस

वाराणसी: गंगा में नाव पर सवार होकर बीयर पीते एक युवक का वीडियो वायरल होने के बाद सक्रिय हुई पुलिस ने कार्रवाई की है. डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल और एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार की निगरानी में पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे युवक की पहचान कर उसे मंगलवार की सुबह अस्सी घाट इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पकड़ा गया युवक अर्जुन राजभर (25 वर्ष) निवासी नगवां नाव डेकोरेटर बताया जा रहा है, जो अपने साथियों के साथ अस्सी से मिर्जापुर की ओर गया था.

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शाम को निकला था और रात में अदलहाट पहुंच गया था. इस घटना से पहले गंगा में नाव पर इफ्तार पार्टी का मामला भी व्यापक विवाद का कारण बना था. वीडियो वायरल होने के बाद कोतवाली थाने की पुलिस ने 14 युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जो अब भी न्यायिक हिरासत में हैं.

नाविक की शिकायत पर एफआईआर दर्ज
माता शीतला का बधाई लेकर जाने वाले नाविकों के नाव पर बियर पीने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था. मांझी समाज की ओर से इस घटना की निंदा करते हुए कार्रवाई की गुहार लगाई गई थी. इस संबंध में नाविक प्रेम साहनी की शिकायत पर भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है.

बतादें कि सांस्कृतिक नगरी काशी में गंगा की मर्यादा को लेकर मामला गरमा गया था. गंगा नदी के बीच नाव पर शराब पार्टी का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई.
यह भी पढ़ें: काशी में गंगा स्नान को सुरक्षित बनाने की कवायद, बैरीकेडिंग लगाने की तैयारी
वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर तेज आवाज में डीजे बजाते हुए फिल्मी गानों पर नाचते नजर आ रहे हैं. साथ ही, वीडियो में शराब का सेवन करते हुए जाम छलकाने के दृश्य भी दिखाई दे रहे हैं. यह घटना उस समय की बताई जा रही है जब मीरजापुर स्थित बड़ी शीतला माता (अदलपुरा) के दरबार में ‘बधावा’ चढ़ाने के लिए पारंपरिक रूप से नावों के जरिए यात्रा की जा रही थी.



