छात्रा से छेड़खानी का आरोपी गिरफ्तार, घटना सीसीटीवी मे कैद...

वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के छित्तूपुर स्थित शिवराज नगर में 13 वर्षीय स्कूली छात्रा से छेड़खानी और अश्लील हरकत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी किशन यादव को गिरफ्तार कर लिया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की और कुछ ही समय में उसे पकड़ लिया.
जानकारी के मुताबिक, 4 अगस्त 2026 की सुबह करीब 6:15 बजे कक्षा सात में पढ़ने वाली छात्रा अपने घर के पास स्कूल बस का इंतजार कर रही थी.बारिश के चलते बस आने में देरी हो रही थी. इसी दौरान छित्तूपुर के शिवराज नगर निवासी करीब 35-40 वर्षीय किशन यादव ने छात्रा के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार और अश्लील इशारे किए. घबराकर छात्रा वहां से भागकर अपने घर पहुंच गई.
बताया जा रहा है कि कुछ देर बाद छात्रा दोबारा स्कूल बस पकड़ने के लिए निकली तो आरोपी झाड़ियों में छिपा मिला. आरोप है कि उसने छात्रा का हाथ पकड़ने की कोशिश की। छात्रा ने साहस दिखाते हुए खुद को छुड़ाया और सुरक्षित स्थान पर पहुंच गई. घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई.
मामले की सूचना मिलने के बाद एसीपी गौरव कुमार के निर्देशन में लंका थाना पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की और उसे गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 0390/2026 दर्ज किया गया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 75(2), 75(3), 78(2) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 11 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है.
also read:BHU में वासुदेव शरण अग्रवाल स्मृति व्याख्यान, भारतीय कला-संस्कृति में उनके योगदान पर हुई चर्चा
इधर, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद थाने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में आरोपी पुलिसकर्मियों के बीच लंगड़ाते हुए चलता नजर आ रहा है. हालांकि, उसके लंगड़ाने की वजह की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है.



