वाराणसी में घर के बरामदे में सो रहे छात्र पर एसिड अटैक, पुलिस तहकीकात में जुटी...

वाराणसी : राजातालाब थाना क्षेत्र के वीरभानपुर ओदार गांव में बरामदे में सो रहे एक छात्र पर एसिड अटैक की गंभीर घटना सामने आई है. घटना में छात्र गंभीर रूप से झुलस गया. परिजनों ने उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार चल रहा है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की तहकीकात में जुट गई है. वहीं घटना को लेकर गांव में तरह -तरह की चर्चा व्याप्त है. हालांकि घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी. पुलिस का कहना है सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
जानकारी के अनुसार, वीरभानपुर ओदार गांव निवासी 24 वर्षीय चंद्रेश पटेल रात अपने घर के बरामदे में सो रहे थे. भोर करीब तीन बजे किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर एसिड फेंक दिया. उस समय चंद्रेश ने शरीर पर एक पतली चादर ओढ़ रखी थी. शुरुआत में एसिड चादर पर गिरा, लेकिन कुछ ही देर बाद वह शरीर तक पहुंच गया, जिससे तेज जलन होने लगी. चंद्रेश की दर्द भरी चीख-पुकार सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों ने तत्काल चंद्रेश को उपचार के लिए भदवर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. चिकित्सकों के अनुसार छात्र के शरीर का कुछ हिस्सा झुलस गया है. उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ALSO READ : बाइक फिसलते ही सड़क से टकराया सिर, बेटे काे स्कूल छोड़कर लौट रहे युवक की मौत...
चंद्रेश के पिता रामनरेश पटेल ने बताया कि उनका बेटा भैरवतालाब स्थित एक महाविद्यालय में बीकॉम का छात्र है. परिवार की किसी से ऐसी कोई रंजिश नहीं है, जिससे इस घटना का कारण स्पष्ट हो सके. उन्होंने कहा कि आखिर किसने और क्यों उनके बेटे पर एसिड फेंका, यह समझ से परे है. घटना की सूचना के बाद डायल-112 पुलिस और राजातालाब थाने की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए. बाद में राजातालाब थाना प्रभारी दयाराम हेरिटेज अस्पताल पहुंचे और घायल छात्र का बयान दर्ज किया. पीड़ित के पिता ने राजातालाब थाने में घटना की लिखित शिकायत दी है. थाना प्रभारी दयाराम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.



