मंडलीय चिकित्सालय में करोड़ो की एक्सरे मशीन बैटरी के अभाव में बंद, मरीजों को परेशानी

वाराणसी: मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा देने के लिए मंडलीय चिकित्सालय में उपलब्ध कराई गई करीब डेढ़ करोड़ रुपये की पोर्टेबल एक्सरे मशीन इन दिनों बैटरी के अभाव में बंद पड़ी है, अस्पताल में मशीन का इस्तेमाल नहीं होने से जरूरतमंद मरीजों को जांच के लिए दूसरी व्यवस्था पर निर्भर रहना पड़ रहा है. मामला सामने आने के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं और महंगे उपकरणों के रखरखाव पर सवाल उठने लगे हैं, एसएसपीजी मंडलीय जिला चिकित्सालय कबीरचौरा वाराणसी का प्रमुख सरकारी अस्पताल है.
जानकारी के अनुसार, पोर्टेबल एक्सरे मशीन को इस उद्देश्य से रखा गया था कि ऐसे मरीजों की एक्सरे जांच आसानी से की जा सके, जिन्हें एक्सरे कक्ष तक ले जाना मुश्किल होता है. विशेष रूप से गंभीर, भर्ती और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों के लिए पोर्टेबल मशीन काफी उपयोगी मानी जाती है. लेकिन बैटरी उपलब्ध न होने के कारण मशीन का संचालन प्रभावित है.
अस्पताल में पहले भी एक्सरे से जुड़ी तकनीकी समस्याएं सामने आती रही हैं। हाल में डिजिटल एक्सरे मशीन का सर्वर डाउन होने से भी मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा था. ऐसे में अब महंगी पोर्टेबल मशीन के बंद होने से मरीजों की मुश्किल और बढ़ने की आशंका है.
सबसे बड़ा सवाल यह है, कि करोड़ों रुपये के आसपास की लागत वाले चिकित्सा उपकरण की बैटरी जैसी आवश्यक वस्तु समय पर उपलब्ध क्यों नहीं कराई गई, यदि मशीन लंबे समय तक बंद रहती है तो इसका उद्देश्य ही प्रभावित होता है, और सरकारी संसाधनों के उपयोग पर भी सवाल खड़े होते हैं.
ALSO READ : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वाराणसी में होगा 'खेलो इंडिया संवाद' कार्यक्रम, दो स्थानों पर आयोजन
मरीजों और तीमारदारों की मांग है, कि अस्पताल प्रशासन तत्काल बैटरी की व्यवस्था कर मशीन को चालू कराए, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर एक्सरे जांच की सुविधा मिल सके। साथ ही महंगे चिकित्सा उपकरणों के नियमित रखरखाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए.



