कचहरी विस्तारीकरण को लेकर अधिवक्ताओं का हस्ताक्षर अभियान, न्यायालय स्थानांतरण का विरोध...

वाराणसी: दी बनारस बार एसोसिएशन के तत्वावधान में मंगलवार को लहुराबीर स्थित चंद्रशेखर आजाद पार्क में कचहरी विस्तारीकरण को लेकर हस्ताक्षर अभियान और सभा का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में 200 से अधिक अधिवक्ताओं ने हिस्सा लेते हुए वाराणसी कचहरी के विस्तार की मांग को जोरदार तरीके से उठाया.
अधिवक्ताओं ने कहा कि वाराणसी न्यायालय परिसर में बढ़ते दबाव और अधिवक्ताओं को हो रही समस्याओं को देखते हुए तत्काल विस्तारीकरण की आवश्यकता है. इसके लिए बनारस क्लब, उद्यान विभाग और कमिश्नर बंगले की जमीन को अधिग्रहित कर न्यायालय परिसर को उपलब्ध कराने की मांग की गई.
सभा में अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि कचहरी को कलेक्ट्रेट कंपाउंड में इंटीग्रेटेड कोर्ट कैंपस के रूप में विकसित किया जाए, लेकिन व्यवहार न्यायालय का किसी भी स्थिति में स्थानांतरण स्वीकार नहीं किया जाएगा. अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय को शहर से बाहर ले जाने का कोई भी प्रयास अधिवक्ता समाज के हित में नहीं होगा.
अधिवक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि अधिवक्ता समाज को बांटने की साजिश की जा रही है, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं के बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है और न्यायिक कार्यों के संचालन में भी दिक्कतें आ रही हैं. ऐसे में न्यायालय के आसपास की जमीनों का अधिग्रहण कर कचहरी विस्तारीकरण की ठोस योजना बनाई जानी चाहिए.
ALSO READ:नॉर्मल बुखार को खतरनाक बना सकता है हंतावायरस, जानें कैसे
कार्यक्रम में पी.एन. सिंह, मीरा यादव, अनिल पाठक, कमलेश सिंह यादव, नित्यानंद राय, पंडित धीरेंद्र नाथ शर्मा, सत्य प्रकाश, सुनील दत्त मिश्रा, उदयनाथ शर्मा, रजनीकांत मिश्रा, अनुराग द्विवेदी, प्रियंक पारिक, राघवेंद्र नारायण द्विवेदी, विंध्याचल चौबे, मयंक मिश्रा, सतीश यादव, विकास गुप्ता, संजय वर्मा, सुमित उपाध्याय, सौरभ पांडेय, पंकज, अनिल सिंह, रमेश उपाध्याय, प्रेमचंद बच्चन और राहुल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे.



