वाराणसी में अवतारी हो गए अखिलेश, जन्मदिन पर सपा कार्यकताओं ने कृष्ण, भगीरथ, अर्जुन का दिया रूप...

वाराणसी : समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कार्यकर्ताओं ने उन्हें अवतारी बना दिया. कहीं कृष्ण, भगीरथ तो कहीं अर्जुन का रूप दिया. उनकी आरती उतारी और संविधान रक्षक बताया. अखिलेश के अवतारी रूप से पहले काशी में राहुल गांधी का परशुराम स्वरूप भी सामने आया था.
अखिलेश यादव के जन्मदिन पर कार्यकताओं ने उनका ये पोस्टर लांच किया जिसमें उन्हें भगवान कृष्ण का रूप दिया है. हवन-पूजन कर अखिलेश यादव के दीर्घायु की कामना की. सपा कार्यकर्ता अजय फौजी ने बताया ने द्वापर युग में जिस तरह भगवान श्रीकृष्ण अन्याय के खिलाफ थे वैसे ही कलयुग में अखिलेश यादव जनता के मुद्दों की आवाज उठा रहे हैं.
महानगर युवजन सभा समाजवादी पार्टी के बैनर तले वरुणा नदी के शास्त्री घाट पर सूर्योदय के समय सात ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ वरुणा की महाआरती की और अखिलेश यादव के दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की. कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव का बड़ा कटआउट लगाकर उनका दूध से अभिषेक किया गया और उन्हें वरुणा नदी के भगीरथ के रूप में प्रस्तुत किया गया.

सपा नेताओं ने याद दिलाया कि अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री रहते गोमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर वाराणसी में वरुणा नदी के जीर्णोद्धार और वरुणा कारिडोर बनाने की योजना तैयार की गई थी. आरोप लगाया कि वर्ष 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद यह परियोजना ठंडे बस्ते में चली गई. सबसे ज्यादा चर्चा उन तख्तियों की रही जिन पर वरुणा नदी की पीड़ा और राजनीतिक संदेश एक साथ दिखाई दिए. युवजन सभा के प्रदेश महासचिव किशन दीक्षित ने भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की नदियां या तो सूख रही हैं या फिर गंदे नालों में तब्दील होती जा रही हैं. उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार की कई जनहित योजनाओं को बंद कर दिया गया है. कहा कि वरुणा और असि नदी के संगम से इस शहर का नाम वाराणसी पड़ा, लेकिन आज वरुणा नदी की स्थिति बेहद चिंताजनक है. उनका कहना था कि गंगा के विकास और उसकी निर्मलता-अविरलता के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए, लेकिन न गंगा, न असि और न ही वरुणा नदी की स्थिति में अपेक्षित सुधार दिखाई देता है.
महानगर युवजन सभा के अध्यक्ष राहुल गुप्ता ने कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के विधानसभा चुनाव में पूरी ताकत के साथ लड़ेगी और अखिलेश यादव को दोबारा मुख्यमंत्री बनाने के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी. कार्यक्रम का संयोजन किशन दीक्षित, राहुल गुप्ता, अशोक यादव 'नायक', राजू जायसवाल, मनोज सिंह, संदीप मिश्रा, अनूप खरवार, दिलीप कश्यप, राहुल यादव ने किया. समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता मनोज यादव उर्फ गोलू द्वारा लगाए गए पोस्टर शहर में चर्चा का विषय बने हुए हैं. लहुराबीर से कचहरी के बीच करीब दर्जनभर स्थानों पर लगे इन पोस्टरों में अखिलेश यादव को धनुष-बाण के साथ दर्शाते हुए लिखा गया है, "राम मंदिर में जो चोरी करेगा, अखिलेश यादव का धनुष उसे धराशायी करेगा. जन्मदिन की शुभकामनाओं के साथ दिए गए इस राजनीतिक संदेश ने राहगीरों और सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा है. पोस्टर में दिवंगत मुलायम सिंह यादव के साथ स्थानीय सपा कार्यकर्ता मनोज यादव उर्फ गोलू और अन्य समर्थकों की तस्वीरें भी शामिल हैं.
ALSO READ : महिला को उम्रकैद की सजा, इस वजह से सहेली की फावड़े से काट दी थी गदर्न...
अखिलेश यादव के जन्मदिन के कार्यक्रम को लेकर वाराणसी में राजनीतिक हलचल देखने को मिली, आरोप है सपा के प्रदेश सचिव लालू यादव के आवास पर आयोजित अखिलेश यादव के जन्मदिन कार्यक्रम को पुलिस ने रोक दिया है. कार्यक्रम से पहले ही भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई, जिसके चलते कार्यक्रम प्रभावित हुआ. सपा नेताओं का आरोप है कि प्रशासन ने अनावश्यक हस्तक्षेप कर जन्मदिन समारोह को रोकने का प्रयास किया. इसके चलते क्षेत्र में तनाव की स्थिति रही.



