वाराणसी में प्राचीन हनुमान मंदिर पर कब्ज़े का आरोप, महिलाओं ने विरोध जता रोका निर्माणकार्य

वाराणसी: शिवपुर थाना अंतर्गत परमानंदपुर के आल्हा काल्हा पोखरा के समीप स्थित प्राचीन पंचमुखी हनुमान मंदिर पर सोमवार की दोपहर आक्रोशित महिलाओं ने अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए चहारदीवारी के निर्माण का विरोध किया. इस दौरान मौके पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई. विरोध कर रही महिलाओं का आरोप है कि मंदिर की करीब कई बिस्वा कीमती जमीन भीटे की है, लेकिन गांव के ही कुछ भूमाफिया इस पर कब्जा करने के नियत से बाउंड्री वॉल कर रहे हैं. मीरा देवी नामक महिला ने बताया कि रविवार को हम लोगों ने थाने का घेराव करते हुए आरोपितों के खिलाफ तहरीर भी थी लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई.

पुलिस पर लगा मिलीभगत का आरोप
पुलिस द्वारा आश्वासन दिया गया था कि बगैर जमीन की जांच पड़ताल किए वहां निर्माण कार्य नहीं होगा लेकिन सोमवार को दोबारा बाउंड्री वॉल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया. बगैर गांव के लोगों को विश्वास में लिए ग्राम सभा और भीटे की जमीन पर निर्माण कार्य कराया जाना बेहद निंदनीय है. बुजुर्ग महिला उर्मिला देवी ने बताया कि यह जमीन काशी नरेश द्वारा दान में दी गई थी तथा भीटे की जमीन है. पुलिस आरोपियों से मिली हुई है इसलिए ठोस कार्रवाई नहीं कर रही है.
Also Read: सिरफिरे ने पीएसी के दीवान की वर्दी फाड़ी, आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देश के प्रधानमंत्री व प्रदेश के मुख्यमंत्री से हम लोगों की गुहार है की मां प्राचीन मंदिर को संरक्षित किया जाए. बाउंड्री वॉल का निर्माण करा रहे विनय पटेल ने बताया कि मंदिर के नाम से हम लोगों ने एक माह पूर्व कमेटी बनाई है. कमेटी द्वारा मंदिर के चारों ओर सुंदरीकरण के लिए बाउंड्री वॉल कराया जा रहा है. इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में चल रहे बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य का महिलाओं ने हंगामा करते हुए विरोध किया, जिस पर पुलिस ने महिलाओं को बूझाकर शांत कराया और निर्माण कार्य रुकवा दिया.



