गेस्टहाउस में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन युवतियों समेत चार गिरफ्तार

वाराणसी : भेलूपुर पुलिस और एसओजी 2 ने शनिवार को गेस्ट हाउस में चल रहे अनैतिक देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है. सीपी संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक गेस्ट हाउस में यह कार्रवाई की. मामला दुर्गाकुंड रोड पर त्रिदेव मंदिर के सामने स्थित विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस का है, जहां एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय के नेतृत्व में एसओजी-2 टीम के साथ छापेमारी की गई.
पुलिस ने गेस्ट हाउस के एक कमरे से तीन युवतियों और एक ग्राहक को आपत्तिजनक स्थिति में गिरफ्तार किया है.

एसीपी मुख्यालय अपूर्वा पांडेय ने बताया कि एक कॉलर द्वारा सीपी संवाद हेल्पलाइन पर सूचना दी गई थी कि विजय लक्ष्मी गेस्ट हाउस के एक कमरे में अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर मौके पर छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान कमरे से आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई, जिससे यह पुष्टि हुई कि गेस्ट हाउस में सेक्स रैकेट संचालित किया जा रहा था. पुलिस ने मौके से गेस्ट हाउस के होटल संचालक को भी हिरासत में लिया है.
ALSO READ : क्रेडिट कार्ड उडाकर की खरीदारी, महिला टप्पेबाज गिरफ्तार
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह रैकेट कब से चल रहा था, इसमें और कौन-कौन लोग शामिल हैं और कहीं यह किसी बड़े सिंडिकेट से तो नहीं जुड़ा है. होटल संचालक से गहन पूछताछ की जा रही है. एसीपी ने बताया कि होटल संचालक सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है और मामले में विधिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी.



