वाराणसी की नई पहचान बनने की ओर ‘आनंद काशी सिटी’, वीडीए ने तेज किया प्रचार अभियान...

वाराणसी: वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) की महत्वाकांक्षी आवासीय परियोजना ‘आनंद काशी सिटी’ को लेकर प्रचार अभियान तेज हो गया है. इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो और प्रचार सामग्री में इस परियोजना को वाराणसी की पहली गेटेड सिटी के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है. वीडीए द्वारा इसे भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जा रही आधुनिक टाउनशिप तथा वाराणसी की नई पहचान के रूप में प्रचारित किया जा रहा है.
प्रचार वीडियो में बताया गया है कि एक नई परिकल्पना अब साकार रूप लेने जा रही है. साथ ही “वीडीए टाउनशिप जल्द आ रही है” और “पंजीकरण शीघ्र प्रारंभ होगा” जैसे संदेशों के माध्यम से आम लोगों और संभावित निवेशकों का ध्यान आकर्षित किया जा रहा है. इस प्रचार अभियान के बाद शहर के रियल एस्टेट बाजार में भी परियोजना को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
माना जा रहा है कि आनंद काशी सिटी में आधुनिक शहरी सुविधाओं के साथ बेहतर सुरक्षा व्यवस्था, हरित क्षेत्र, चौड़ी सड़कें, स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और सुनियोजित आवासीय विकास की सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. हालांकि अभी तक परियोजना से संबंधित भूखंडों की संख्या, दरों, आवंटन प्रक्रिया, भुगतान व्यवस्था और अन्य तकनीकी विवरणों को लेकर कोई विस्तृत आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
ALSO READ :बीएचयू के बिरला छात्रावास में प्रस्तावित बाउंड्री निर्माण का विरोध, छात्रों ने विरासत और स्वरूप बनाए रखने की उठाई मांग...
रियल एस्टेट क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि वाराणसी में तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार और आवासीय मांग को देखते हुए यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. यदि परियोजना प्रचारित मानकों और सुविधाओं के अनुरूप विकसित होती है तो यह शहर के नियोजित आवासीय विकास को नई दिशा देने का कार्य कर सकती है.
फिलहाल लोगों की नजरें वीडीए की आगामी आधिकारिक घोषणाओं पर टिकी हुई हैं. माना जा रहा है कि पंजीकरण प्रक्रिया और परियोजना से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश जारी होने के बाद इसके स्वरूप और संभावनाओं की स्पष्ट तस्वीर सामने आएगी.



