वाराणसी के नमो घाट पर फिर मारपीट, गेट खोलने को लेकर हुआ विवाद

वाराणसी : आदमपुर थाना क्षेत्र के नमो घाट पर एक बार फिर पर्यटकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. आरोप है कि बिहार के भभुआ से नमो घाट घूमने पहुंचे पांच युवकों को गेट नंबर तीन के पास सिक्योरिटी गार्ड और नाविकों ने घेर लिया और लाठी-डंडों तथा लात-घूंसों से पीटा. घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें पांच-छह लोग युवकों को घेरकर मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. आरोप है कि मारपीट में सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहने एक व्यक्ति भी शामिल था. घटना के बाद पीड़ित युवकों ने आदमपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है. घटना के पीछे गेट खोलने को लेकर हुआ विवाद बताया जा रहा है.
बताया गया कि सोमवार रात करीब 10 बजे भभुआ निवासी दुरेश अंसारी (23) अपने दोस्त मो. राकीब, अरमान फारुकी समेत पांच युवकों के साथ नमो घाट घूमने पहुंचा था. देर रात घाट बंद होने के बाद सभी युवक गेट नंबर तीन से वाहन स्टैंड की तरफ जा रहे थे. गेट बंद मिलने पर युवकों ने वहां मौजूद गार्ड से गेट खोलने को कहा. इसी बात को लेकर कथित तौर पर विवाद शुरू हो गया. आरोप है कि देखते ही देखते वहां मौजूद कुछ सिक्योरिटी गार्ड और नाविकों ने युवकों को घेर लिया. इसके बाद उनके साथ लाठी-डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई. युवकों ने किसी तरह वहां से निकलकर राजघाट की तरफ पहुंचकर अपनी जान बचाई. बाद में आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को घटना की जानकारी दी गई.

पीड़ितों का आरोप है कि नमो घाट पर पुलिस चौकी होने के बावजूद सूचना देने के बाद तत्काल चौकी प्रभारी या कोई पुलिसकर्मी मौके पर नहीं पहुंचा. कुछ देर बाद आदमपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मारपीट करने वाले सिक्योरिटी गार्ड और नाविक वहां से फरार हो चुके थे. पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है.
वीडियो में युवकों को घेरकर पिटाई करते नजर आ रहे मनबढ़
घटना से जुड़ा वीडियो सामने आने के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं. वीडियो में पांच-छह लोग युवकों को घेरे दिखाई दे रहे हैं. कुछ लोग युवकों के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं, जबकि सिक्योरिटी गार्ड की वर्दी पहना एक व्यक्ति लाठी से युवकों की पिटाई करता दिखाई देता है. वीडियो वायरल होने के बाद पर्यटकों की सुरक्षा और घाट पर तैनात निजी सुरक्षा कर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि नमो घाट पर आने वाले पर्यटकों के साथ विवाद और मारपीट की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं. पर्यटकों की सुरक्षा और घाट पर व्यवस्था बनाए रखने के लिए नमो घाट पर पुलिस चौकी स्थापित की गई है.
ALSO READ: गोलीकांड से लिया सबक, वाराणसी एयरपोर्ट पर अब अलग केबिन में होगी शस्त्र जांच
मामले का संज्ञान लेते हुए एडीसीपी वैभव बांगर ने बताया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से नमो घाट पर गेट नंबर तीन के समीप कुछ पर्यटकों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में उन्हें वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराए गए हैं. पुलिस के मुताबिक, पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, स्मार्ट सिटी के पीआरओ का कहना है कि घटना में नमो घाट के सिक्युरिटी गार्डों की कोई भूमिका नहीं रही है, यह विवाद स्थानीय युवकों व नाविकों तथा घूमने आए युवकों के मध्य हुआ है.
पूर्व में भी हो चुकी हैं घटनाएं
बतादें कि नमो घाट पर पर्यटकों के साथ मारपीट का यह पहला मामला नहीं है. इससे पहले 24 मई को सोनभद्र निवासी पर्यटक राजेश जायसवाल उर्फ चिंटू (19) की मौत के मामले में भी सिक्योरिटी गार्डों पर मारपीट का आरोप लगा था. आरोप के मुताबिक गेट नंबर एक के पास चिंटू और उसके दोस्तों को सिक्योरिटी गार्डों ने घेरकर लाठी-डंडों से पीटा था. गंभीर चोट लगने के बाद चिंटू की मौत हो गई थी.



