बीएचयू में ‘पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केन्द्र’ की स्थापना को मंजूरी...

बीएचयू में कला संकाय के अंतर्गत ‘पर्यटन एवं आतिथ्य अध्ययन केन्द्र (सीटीएचएस)’ की स्थापना को मंजूरी मिल गई है. विश्वविद्यालय की विद्वत परिषद के अनुमोदन के बाद कार्यकारिणी परिषद से स्वीकृति मिलने के साथ ही केन्द्र की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया है.
यह केन्द्र पर्यटन एवं कार्यालय प्रबंधन से जुड़े सभी शैक्षणिक कार्यक्रमों को एकीकृत मंच प्रदान करेगा. इसके माध्यम से शिक्षण, अनुसंधान, कौशल विकास, नवाचार, परामर्श तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग को बढ़ावा दिया जाएगा. केन्द्र के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, पीएचडी, डिप्लोमा एवं प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों के साथ-साथ संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित पर्यटन प्रबंधन के कार्यक्रमों का भी संचालन किया जाएगा.
विश्वविद्यालय के अनुसार वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर के विकास के बाद प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक एवं श्रद्धालु पहुंच रहे हैं. ऐसे में शहर पर्यटन अध्ययन, नीति निर्माण और गंतव्य प्रबंधन के लिए महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है. नया केन्द्र राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप बहुविषयक शिक्षा, कौशल आधारित प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुख पाठ्यक्रमों को बढ़ावा देगा.
भविष्य में केन्द्र को पर्यटन शिक्षा एवं अनुसंधान के उत्कृष्टता केन्द्र (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके तहत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के साथ शैक्षणिक सहयोग, उद्योगों और सरकारी संस्थाओं के साथ साझेदारी, अनुसंधान परियोजनाओं, डिजिटल शिक्षण, इंटर्नशिप और अनुभवात्मक अधिगम को प्रोत्साहित किया जाएगा.
ALSO READ:बीएचयू के फिएस्टा-2026 का दूसरा दिन सांस्कृतिक रंगों से सराबोर, छात्रों और शिक्षकों ने दिखाई प्रतिभा...
केन्द्र तीर्थ एवं आध्यात्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत, मंदिर अर्थव्यवस्था, सतत तीर्थ प्रबंधन, डिजिटल पर्यटन तथा धार्मिक पर्यटन नीति जैसे विषयों पर बहुविषयक शोध करेगा. वर्तमान में केन्द्र यूरोपीय संघ द्वारा वित्तपोषित इरास्मस प्लस परियोजना ‘सेक्रेड ट्रैवल एंड रिलिजियस टूरिज्म’ का भी संचालन कर रहा है.
कला संकाय प्रमुख प्रो. सुषमा घिल्डियाल ने बताया कि मुख्य परिसर, राजीव गांधी दक्षिणी परिसर तथा संबद्ध महाविद्यालयों—डीएवी और वसंता कॉलेज—में संचालित पर्यटन प्रबंधन के सभी पाठ्यक्रम अब इसी केन्द्र के माध्यम से संचालित होंगे. उन्होंने बताया कि केन्द्र में वर्तमान में पांच स्थायी शिक्षक कार्यरत हैं तथा दो रिक्त पदों पर जल्द नियुक्तियां की जाएंगी.



