मछोदरी पार्क के तालाब किनारे जगमगाएंगी आकर्षक लाइटें, बढ़ेगी खूबसूरती

वाराणसी: मछोदरी पार्क के तालाब किनारे अब आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी. नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सोमवार को मछोदरी पार्क और आसपास के क्षेत्र की रात्रिकालीन साफ-सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया, इस दौरान उन्होंने पार्क के सुंदरीकरण और प्रकाश व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को कई निर्देश दिए.
नगर आयुक्त ने तालाब के किनारों पर आकर्षक लाइटें लगाने के साथ ही पार्क के पाथवे की पेंटिंग, किनारों पर लाइटिंग और हॉर्टिकल्चर के कार्य कराने के निर्देश दिए. पार्क में पर्याप्त रोशनी के लिए हाईमास्ट लाइट लगाने को भी कहा गया.
निरीक्षण के दौरान मछोदरी स्मार्ट स्कूल की पेंटिंग धूमिल मिली. इस पर नगर आयुक्त ने तत्काल स्कूल की दोबारा पेंटिंग कराने का निर्देश दिया. स्थानीय पार्षद ने मछोदरी स्मार्ट स्कूल और पुलिस चौकी के समीप ‘श्री ओम कालेश्वर द्वार’ के निर्माण का अनुरोध किया, नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इसका प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.
इसके बाद नगर आयुक्त ने मछोदरी कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया, परिसर का फर्श कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त मिलने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा, सुरक्षा के लिए मुख्य गेट लगाने और परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए.
ALSO READ:बीएचयू में पर्यटन विद्यार्थियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश, पौधरोपण के साथ हुआ व्याख्यान
निरीक्षण के दौरान पार्षद सुरेश चौरसिया, अभिजीत भारद्वाज ‘लकी’, स्मार्ट सिटी के सीजीएम, जल निगम के अधिशासी अभियंता समेत नगर निगम व अन्य विभागों के अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे.



