थाना सिगरा में 75 लावारिस वाहनों की नीलामी, 11.01 लाख रुपये की सबसे ऊंची बोली...

वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी के "ऑपरेशन क्लीन" अभियान के तहत थाना सिगरा परिसर में गुरुवार को 75 लावारिस वाहनों की खुली नीलामी की गई. नीलामी में सर्वाधिक 11 लाख 1 हजार रुपये की बोली लगने पर वाराणसी के कादीपुर क्षेत्र निवासी मुन्नू गुप्ता को विजेता घोषित किया गया.
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थानों में लंबे समय से खड़े लावारिस वाहनों के निस्तारण की कार्रवाई की जा रही है. इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन में गठित समिति ने वाहनों का मूल्यांकन कराने, संबंधित वाहन स्वामियों को नोटिस भेजने तथा सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद नीलामी की प्रक्रिया संपन्न कराई.
थाना सिगरा परिसर में आयोजित खुली बोली में कुल 26 ठेकेदारों (कबाड़ियों) ने भाग लिया. इनमें मुन्नू गुप्ता द्वारा सबसे अधिक 11 01 लाख रुपये की बोली लगाए जाने पर उन्हें नीलामी का विजेता घोषित किया गया। अन्य प्रतिभागियों की एक-एक लाख रुपये की जमानत राशि वापस कर दी गई। विजेता को निर्धारित राशि एवं जीएसटी जमा करने के बाद वाहनों का कब्जा लेने के निर्देश दिए गए.
ALSO READ : बीएचयू के प्रोफेसर बने राष्ट्रीय डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के विशेषज्ञ निदेशक...
इस नीलामी के माध्यम से थाना सिगरा में लंबे समय से खड़े 75 दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया लावारिस वाहनों का सफलतापूर्वक निस्तारण किया गया . पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह की कार्रवाई से थानों में स्थान खाली होने के साथ ही लंबे समय से लंबित मालों के निस्तारण में भी तेजी आएगी.



