बीएचयू में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ को लेकर जागरूकता अभियान, NSS ने निकाली मानव श्रृंखला व पदयात्रा

वाराणसी: काशी हिंदू विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) द्वारा ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023’ के प्रति जागरूकता एवं समर्थन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर में मानव श्रृंखला एवं पदयात्रा का भव्य आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, स्वयंसेवकों और कार्यक्रम अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और महिला सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया.

कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो. अरुण कुमार सिंह एवं छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन सिंह द्वारा हरी झंडी दिखाकर किया गया. इसके बाद स्वयंसेवकों ने परिसर के विभिन्न मार्गों पर मानव श्रृंखला बनाकर एकजुटता का संदेश दिया. पदयात्रा के दौरान प्रतिभागियों ने ‘नारी शक्ति, देश की शक्ति’ जैसे नारों के साथ महिलाओं के अधिकारों और समानता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया.इस दौरान विद्यार्थियों ने रचनात्मक पोस्टर भी तैयार किए, जिनमें नारी सम्मान, समान अधिकार और सामाजिक भागीदारी जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से दर्शाया गया.कार्यक्रम के अंत में इन पोस्टरों के लिए प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह और बढ़ा.
मौसम ने ली फिर करवट, इन राज्यों में भीषण बारिश का अलर्ट
NSS के कार्यक्रम अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करना और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने यह भी कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक विचार नहीं, बल्कि समाज की प्रगति के लिए आवश्यक कदम है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों को जागरूक और संवेदनशील नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. NSS द्वारा भविष्य में भी इसी तरह के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि समाज में समानता और सशक्तिकरण का संदेश और मजबूत हो सके.



