बीएचयू में स्पंदन का आयोजन दे रहा खास संदेश, प्रस्तुतियों ने बनाया यादगार

वाराणसी: बीएचयू के अंतर संकाय युवा महोत्सव स्पंदन के मंच पर सुर-ताल के साथ ही नृत्य की मनोहारी छटा देखने को मिली. प्रतिभागियों ने एक से बढ़कर एक कार्यक्रम की प्रस्तुति कर आयोजन को यादगार बना दिया. कला की प्रतियोगिताओं में आकर्षक चित्रों के माध्यम से एकता-अखंडता बनाए रखने, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. स्पंदन के तहत संगीत एवं मंच कला संकाय में वादन प्रतियोगिता में तबला, बांसुरी, वीणा, गिटार, हारमोनियम वादन पर प्रस्तुति देखने को मिली.

आयोजन का शुभारंभ छात्र अधिष्ठाता प्रो. रंजन कुमार सिंह ने किया. उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता केवल विजय में नहीं, बल्कि सहभागिता, निष्ठा और समर्पण में निहित होती है. ताल वाद्य प्रतियोगिता के निर्णायक के रुप में पं. ललित कुमार, डॉ. बी. सत्यवरा प्रसाद, डॉ. अमित ईश्वर ने भूमिका निभाई. वहीं, पोस्टर मेकिंग और ऑन-द-स्पॉट फोटोग्राफी प्रतियोगिताओं में सृजनात्मकता का उत्सव देखने को मिला. इसमें प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और दृष्टिकोण को कैनवास पर उतारा.

दृश्य कला संकाय के वीथिका में किसी ने चित्रों से ग्रीन बीएचयू तो किसी ने एक भारत श्रेष्ठ भारत का संदेश देता चित्र बनाया. स्पंदन की सह-संयोजक, डॉ. आरती निर्मल ने निर्णायकों को स्मृति-चिह्न भेंट किया. ऑन द स्पाट फोटोग्राफी प्रतियोगिता में कैमरे से प्रतिभागियों ने सयाजीराव गायकवाड़ केंद्रीय पुस्तकालय, श्री विश्वनाथ मंदिर के शांत पथ और अनदेखे कोनों के मनोहारी दृश्य को दिखाया.

