बीएचयू में स्थापित होगा फिजियोथेरेपी एवं ऑक्युपेशनल थेरेपी सेंटर

वाराणसी : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में “सेंटर फॉर फिजियोथेरेपी एवं ऑक्युपेशनल थेरेपी” की स्थापना होने जा रही है. इस संबंध में विश्वविद्यालय की कार्यकारिणी परिषद द्वारा प्रस्ताव को बैठक में मंजूरी दे दी गई थी. सर्वविद्या की राजधानी के रूप में विख्यात इस विश्वविद्यालय में आधुनिक चिकित्सा विज्ञान के इस महत्वपूर्ण क्षेत्र के लिए समर्पित केंद्र की स्थापना को एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है. इस केन्द्र की स्थापना के प्रस्ताव को
कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी का निरंतर मार्गदर्शन एवं समर्थन प्राप्त हुआ। उनके दूरदर्शी नेतृत्व और सकारात्मक सहयोग से इस महत्वपूर्ण पहल को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिली. यह केंद्र चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान तथा गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सेवाओं को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (आईएमएस), बीएचयू के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार ने कहा कि फिजियोथेरेपी एवं ऑक्युपेशनल थेरेपी आज आधुनिक स्वास्थ्य प्रणाली का अत्यंत महत्वपूर्ण अंग हैं. उन्होंने कहा कि जीवनशैली संबंधी बढ़ती बीमारियों, दुर्घटनाओं, न्यूरोलॉजिकल विकारों, खेल चोटों तथा वृद्धावस्था संबंधी समस्याओं के प्रभावी पुनर्वास में इनकी भूमिका निरंतर बढ़ रही है. प्रस्तावित केंद्र आधुनिक, साक्ष्य-आधारित उपचार, गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और उच्च स्तरीय अनुसंधान को बढ़ावा देगा तथा राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता का केंद्र बनने की दिशा में कार्य करेगा.
ALSO READ: 18वीं ओलंपियन विवेक सिंह स्मृति हॉकी प्रतियोगिता अब लालपुर एस्ट्रोटर्फ मैदान पर होगी
चिकित्सा संकाय के प्रमुख प्रो. (डॉ.) संजय गुप्ता ने कहा कि चिकित्सा विज्ञान के वर्तमान परिदृश्य में फिजियोथेरेपी एवं ऑक्युपेशनल थेरेपी की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है. उन्होंने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों को आधुनिक प्रशिक्षण, बहु विषयक शिक्षा एवं अनुसंधान के नए अवसर उपलब्ध कराएगा. साथ ही मरीजों को समग्र, वैज्ञानिक एवं गुणवत्तापूर्ण पुनर्वास सेवाएं प्रदान करने में महत्वपूर्ण योगदान देगा.
सहायक आचार्य (फिजियोथेरेपी), अस्थि रोग विभाग, आईएमएस-बीएचयू के डॉ. शुभ्रेन्दु शेखर पाण्डेय ने इस महत्वपूर्ण प्रस्ताव को साकार रूप देने में सहयोग प्रदान करने वाले माननीय कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी, इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार, चिकित्सा संकाय के अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) संजय गुप्ता, कार्यपरिषद के सभी माननीय सदस्यों तथा सेंटर की स्थापना हेतु गठित प्रस्ताव समिति के सभी सम्मानित संकाय सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया.



