बीएचयू मुख्य द्वार के सामने सड़क पर बह रहा सीवर का पानी, राहगीरों और मरीजों को हो रही भारी परेशानी

वाराणसी : बीएचयू के मुख्य द्वार के सामने इन दिनों सीवर का गंदा पानी सड़क मार्ग पर बह रहा है, जिससे आने-जाने वाले हजारों लोगों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. सड़क पर जलभराव के साथ-साथ तेज दुर्गंध भी फैल रही है, जो काफी दूर तक महसूस की जा सकती है. यह मार्ग शहर का अत्यंत व्यस्त और महत्वपूर्ण रास्ता माना जाता है, जहां प्रतिदिन हजारों की संख्या में राहगीर, तीमारदार और मरीज आते-जाते हैं.
बीएचयू स्थित सर सुंदरलाल चिकित्सालय में विभिन्न प्रदेशों से इलाज कराने के लिए लोग पहुंचते हैं. ऐसे में मुख्य द्वार के सामने फैली गंदगी और सीवर का पानी शहर की छवि पर भी नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सीवर लाइन ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी लगातार सड़क पर बह रहा है. लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, लेकिन संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है. दुर्गंध के कारण आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है.
काशी कला कुंभ - 2026 का भव्य आगाज, कला-संस्कृति का दिखा अद्भुत संगम
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इसी मार्ग से संबंधित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी प्रतिदिन गुजरते हैं, इसके बावजूद समस्या की अनदेखी की जा रही है. लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही सीवर की सफाई और मरम्मत का कार्य नहीं कराया गया, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है.
नागरिकों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सीवर व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शहर की स्वच्छता व्यवस्था बनी रहे.



