बरेका में धूमधाम से मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस, खिलाड़ियों ने दिखाया उत्साह

वाराणसी. बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल भावना, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन में बरेका खेल संघ की ओर से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस वर्ष के संदेश “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” और “एक घंटा खेल के मैदान में” को केंद्र में रखते हुए खिलाड़ियों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत बरेका के कुश्ती केंद्र में हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने मेजर ध्यानचंद के खेल जीवन, समर्पण और राष्ट्र के प्रति योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर बरेका परिसर में कुश्ती, बैडमिंटन, बास्केटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। खेल मैदान पर खिलाड़ियों की ऊर्जा, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा ने आयोजन को खास बना दिया। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन के जरिए मेजर ध्यानचंद को भावपूर्ण श्रद्धांजलि भी दी।
बरेका खेल संघ के पदाधिकारियों के मुताबिक, इन खेल गतिविधियों का उद्देश्य खिलाड़ियों के साथ-साथ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी नियमित खेल एवं शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना है। इसके जरिए स्वस्थ जीवनशैली, टीम भावना, अनुशासन और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया।
ALSO READ : सबसे खतरनाक साइबर ठगी डिजिटल अरेस्ट बनारस भी नहीं बच सका....
कार्यक्रम में मुख्य अभिकल्प इंजीनियर, विद्युत एवं पदेन महासचिव, बरेका खेल संघ अनुराग गुप्ता, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं कुश्ती सचिव राजेश कुमार, जन संपर्क अधिकारी एवं बास्केटबॉल सचिव राजेश कुमार समेत बरेका खेल संघ से जुड़े प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के आयोजन के दौरान प्रतिभागियों ने “एक घंटा खेल के मैदान में” के संदेश के साथ खेल को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से बरेका में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और कर्मचारियों में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।
“खेलेंगे तो खिलेंगे, आगे बढ़ेंगे—खेलेगा भारत, जीतेगा भारत।”



