भारत रत्न बिस्मिल्लाह खान के घर के बाहर बह रहा सीवर का पानी, दूसरे गली में विधायक लगा रहे झाड़ू

वाराणसी: के बेनियाबाग मैदान के पीछे भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खान का घर स्थित है। शहनाई के जरिए काशी की पहचान देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले महान कलाकार के घर तक जाने वाली गली इन दिनों बदहाली की तस्वीर पेश कर रही है। करीब 15 दिनों से यहां सीवर का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। बारिश के दौरान स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है।
गली में कई जगह घुटनों तक पानी जमा है। स्थानीय निवासियों के साथ दुकानदार, पर्यटक और विदेशी यात्री भी इसी गंदगी के बीच से गुजरने को मजबूर हैं। लोगों को नाक बंद करके रास्ता पार करना पड़ रहा है। दुकानदारों का कहना है कि गंदा पानी देखकर ग्राहक उनकी दुकानों तक नहीं पहुंच रहे। कुछ कारोबारियों ने बताया कि कई दिनों से दुकान बंद रखने की नौबत आ गई है, जिससे उनकी रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नगर निगम, आईजीआरएस और संबंधित अधिकारियों तक कई बार शिकायत पहुंचाई जा चुकी है, लेकिन अब तक राहत नहीं मिली। उनका आरोप है कि क्षेत्रीय पार्षद उनसे मिलने नहीं आते। लोगों का यह भी कहना है कि विधायक पीछे की गली में स्वच्छता अभियान के दौरान झाड़ू लगाते नजर आते हैं, लेकिन इस रास्ते की स्थिति देखने नहीं पहुंचते।
ALSO READ : बीएचयू की 60 साल पुरानी मौसम वेधशाला को बंद करने की तैयारी
नगर निगम की ओर से उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को संग्रहालय में बदलने का प्रस्ताव भी है। ऐसे में लोगों का सवाल है कि विरासत को संजोने की योजना के साथ आसपास की बुनियादी सुविधाओं पर भी ध्यान क्यों नहीं दिया जा रहा?
निवासियों को दूषित पानी से बीमारी फैलने की आशंका है। उनका कहना है कि सीवर की समस्या के चलते पेयजल भी प्रभावित हो रहा है। लोगों ने जल्द सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



