बीएचयू परिसर बना अखाड़ा, दो पक्ष भिड़े, सामने आई यह वजह...

वाराणसी : बीएचयू परिसर स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर के पास रविवार को दो पक्षों के लोगों के बीच जमकर मारपीट और उठापटक हुई. इस दौरान मौके पर अफरा तफरी की स्थिति बनी रही. एक तरफ लोग तमाशबीन बने रहे तो विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी मूक दर्शक की भूमिका में दिखाई पडे. बताया जा रहा है कि वाहन खड़ा करने और रास्ता देने को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक रूप ले ली. इसके बाद दोनों पक्ष सड़क पर ही एक-दूसरे से भिड़ गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ पर्यटक कार से आए थे. मंदिर के बाहर वाहनों की आवाजाही के दौरान दो पक्षों के बीच पहले बहस हुई. आरोप है कि कार से बाइक की मामूली टक्कर को लेकर विवाद हुआ. वहीं यह भी कहा जा रहा है कि साइड देने को लेकर कहासुनी हुई. देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हाथ उठाने शुरू कर दिए. सड़क पर काफी देर तक हंगामा और मारपीट का माहौल बना रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
वायरल वीडियो में एक महिला अपने छोटे बच्चे को गोद में लेकर विवाद के बीच पहुंचती दिखाई दे रही है. महिला दोनों पक्षों को शांत कराने और झगड़ा खत्म कराने का प्रयास करती रही, लेकिन विवाद में शामिल लोग उसकी बात सुनने को तैयार नहीं दिखे. मौके पर मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, विवाद में शामिल सभी लोग बीएचयू स्थित श्री विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करने के लिए बाहर से वाराणसी आए हुए थे. वाहन को लेकर शुरू हुआ विवाद अचानक इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
ALSO READ : बनारस विनाले में दुनिया को दिखेगी भारत की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक राजधानी की विशेषता...
घटना के बावजूद किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई और न ही कोई लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है. ऐसे में पुलिस की ओर से भी अभी तक कोई आधिकारिक कार्रवाई सामने नहीं आई है. घटना के बाद कुछ छात्रों ने आरोप लगाया कि जिस समय सड़क पर मारपीट हो रही थी, उस दौरान बीएचयू का प्राक्टोरियल बोर्ड मूकदर्शक बना रहा. छात्रों का कहना है कि समय रहते हस्तक्षेप किया जाता तो विवाद को बढ़ने से रोका जा सकता था. पुलिस ने घटना के प्रति अनभिज्ञता जाहिर की है.



