बीएचयू ने SWAYAM पर शुरू किए 142 नए ऑनलाइन कोर्स, 27 जुलाई से होगी पढ़ाई...

वाराणसी : काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने जुलाई 2026 सत्र के लिए SWAYAM प्लेटफॉर्म पर 142 नए ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू करने की घोषणा की है. इन कोर्सों के जरिए देश-विदेश के विद्यार्थियों को प्रमुख संस्थानों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा.
राष्ट्रीय महत्व के संस्थान (INI) के राष्ट्रीय समन्वयक के रूप में बीएचयू ने जुलाई 2026 सत्र के लिए कुल 142 नए ऑनलाइन कोर्स लॉन्च किए हैं. इनमें 90 पाठ्यक्रम बीएचयू, 48 अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय और 4 राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित किए जाएंगे. सभी पाठ्यक्रमों की शुरुआत 27 जुलाई 2026 से होगी.
आईएनआई-SWAYAM के समन्वयक प्रोफेसर आशुतोष मोहन ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को देश के हर कोने तक पहुंचाना और छात्रों, पेशेवरों व आजीवन शिक्षार्थियों के लिए लचीले और समावेशी शिक्षण के अवसर उपलब्ध कराना है.
इन पाठ्यक्रमों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल टेक्नोलॉजी, वित्त, प्रबंधन, भाषा, भारतीय ज्ञान परंपरा, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, संगीत, प्रदर्शन कला और कई कौशल आधारित विषय शामिल हैं. इनमें से कुछ कोर्स जर्मन अंतरराष्ट्रीय सहयोग एजेंसी GIZ के सहयोग से भी विकसित किए गए हैं.
ALSO READ : नकली नोट सप्लाई करने वाले गिरोह के मास्टर माइंड को यूपी एटीएस ने किया गिरफ्तार...
इन सभी कोर्सों में नामांकन पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। हालांकि, प्रमाणपत्र प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थियों को SWAYAM के निर्धारित परीक्षा शुल्क का भुगतान कर परीक्षा देनी होगी.
बीएचयू ने छात्रों, शिक्षकों, शोधार्थियों और कामकाजी पेशेवरों से इस अवसर का लाभ उठाते हुए SWAYAM पोर्टल पर निःशुल्क नामांकन करने की अपील की है. सभी कोर्स 27 जुलाई से शुरू होंगे.



