मंडुआडीह में किराए के विवाद को लेकर निकली तलवार, हमले का लगा आरोप...

वाराणसी : मडुआडीह थाना क्षेत्र के जलालीपट्टी इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब किराए के विवाद में एक युवक कथित तौर पर हाथ में तलवार लेकर पहुंच गया. आरोप है कि युवक एक परिवार पर हमला करने की नीयत से आया था. घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोग अपने घरों से बाहर निकल आए. पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक सीधे उनके घर की ओर बढ़ा और हमला करने की कोशिश की. इसी दौरान मोहल्ले के एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया, जिससे बड़ी घटना होने से टल गई. इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक आरोपी के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है. पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में गंभीरता नहीं दिखा रही है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है. घटना के बाद इलाके के लोगों ने भी आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते युवक को नहीं रोका जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था.
also read:सिगरा पुलिस ने शातिर चोर को चोरी के मोबाइल के साथ दबोचा...
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज
मंडुआडीह थाने की पुलिस ने साफ किया है कि रविवार को ग्राम जलालीपट्टी, थाना मंडुआडीह अंतर्गत किराए व बिजली बिल को लेकर किरायेदार व मकान मालिक के मध्य विवाद हो गया था. विवाद के दौरान एक व्यक्ति के हाथ में तलवार नजर आ रही है जिसके संबंध में जानकारी की जा रही है. घटना में प्रयुक्त तलवार अभी बरामद नहीं हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज/वीडियो का अवलोकन किया जा रहा है. मंडुआडीह पुलिस द्वारा प्रकरण में तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है. प्रकरण में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है. मौके पर शांति व्यवस्था कायम है. अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.



