BHU में हॉस्टल के कमरे में ताला लगाने पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन, कुलपति आवास की घेराबंदी

वाराणसी: बीएचयू के भगवानदास छात्रावास में एक कमरे पर ताला लगाए जाने के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा. वार्डेन की कार्रवाई के विरोध में सोमवार की रात बड़ी संख्या में छात्र कुलपति आवास के बाहर धरने पर बैठ गए और निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की. जानकारी के अनुसार, शनि और विकास नामक दो छात्र एक ही कमरे में रहते थे. कुछ दिन पहले, दोनों के बीच हाथापाई हुई थी, जिसके परिणामस्वरूप वार्डेन ने शनि को निष्कासित कर दिया था.

छात्रों का बड़ा आरोप
सोमवार की रात, निष्कासित छात्र शनि हॉस्टल में भोजन करने के लिए पहुंचा. इसी दौरान वार्डेन विकास का कमरा नंबर 90 को बंद कर दिया. विकास घंटों तक बाहर खड़ा रहा, जिससे अन्य छात्रों में आक्रोश फैल गया. छात्रों ने आरोप लगाया कि जब विकास की कोई गलती नहीं थी, तो उसे बाहर निकालकर कमरा क्यों बंद किया गया.
वार्डेन के खिलाफ उचित कार्रवाई की उठी मांग
छात्रों का कहना है कि प्राक्टोरियल बोर्ड के सुरक्षा कर्मी मुंह बांधकर छात्रावास में छात्रों को मारने की नीयत से घुसे थे. इस घटना ने छात्रों के गुस्से को और भड़काया, जिसके बाद वे सभी मिलकर कुलपति आवास की ओर बढ़ गए. आक्रोशित छात्रों ने वीसी आवास के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया. छात्रों की मांग है कि वार्डेन के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए. छात्रों के विरोध को देखते हुए, विश्वविद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्राक्टोरियल बोर्ड की टीम तैनात की गई है.

यह भी पढ़ें: रेलवे लाइन पर एके 47 मिलने से हड़कंप, जांच में सामने आई यह बजह
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं ताकि स्थिति को शांत किया जा सके. छात्रों ने यह भी कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो वे आगे भी अपने विरोध को जारी रखेंगे. फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन छात्रों को समझाकर मामला शांत कराने की कोशिश में जुटा है.



