बिना नंबर प्लेट की बुलेट सीज करने पर चौकी प्रभारी को पटका, टीम से हाथापाई....

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र के गिलट बाजार पुलिस चौकी के पास शनिवार की देर रात सड़क पर खड़ी बगैर नंबर प्लेट बुलेट को सीज करने के दौरान पुलिस से विवाद हो गया. एक ही परिवार समेत अन्य युवकों ने विरोध दर्ज कराया और पुलिस टीम पर हमला बोल दिया. चौकी प्रभारी गिलट बाजार के साथ बदसलूकी कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया. पुलिस टीम से हाथापाई की. इस संबंध में शिवपुर थाने में सात नामजद और छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है.
गिलट बाजार चौकी इंचार्ज अमित कुमार सिंह ने बताया कि रात करीब 12.40 पर गश्त के दौरान सड़क पर एक बगैर नंबर प्लेट की बुलेट देखकर टीम पूछताछ कर रही थी. वहां पहुंचे वाहन स्वामी रजत सोनकर और उनके साथ आए कई लोगों ने धमकी देते हुए कहा कि बुलेट मेरी है. हमारा घर पास में है. हम कागज नहीं दिखाएंगे. आपको जो करना है वह कर लीजिए. साथ ही धक्का-मुक्की कर चौकी इंचार्ज को गिरा दिए. आरोपितों ने मेरे वर्दी पर लगा मोनोग्राम खींचकर तोड़ दिया. झूठे एससीएसटी मुकदमे में फसाने की भी धमकी दिए.
नामजद आरोपितों में गिलट बाजार निवासी रजत सोनकर, रजत सोनकर का भाई, रजत सोनकर की बहन, रजत सोनकर की मां, शुभम सोनकर, गोलू उर्फ किशन सोनकर ,प्रिंस उर्फ ऋषभ सोनकर सहित छह अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
आटो में छूटा बैग, ढूंढ़कर पुलिस ने पीड़ित को लौटाया
चितईपुर पुलिस ने एक महिला का आटो में छूटा बैग ढूढ़कर लौटा दिया. महिला ने यूपीआइ के जरिए आटो चालक को टेंपो किराए का भुगतान किया था. पुलिस तक मामला पहुंचा तो यूपीआइ से भुगतान किए जाने की जानकारी होने पर पुलिस को आटो चालक को मोबाइल नंबर मिल गया. पुलिसकर्मी ने आटो चालक से बात की तो महिला का छूटा बैग सुरक्षित मिल गया. पुलिस के अनुसार प्रतापगढ़ निवासी दुर्गावती किसी कार्य से वाराणसी आई थीं. कैंट स्टेशन से उन्होंने अपने गंतव्य स्थल नेवादा, सुंदरपुर जाने के लिए आटो किया, लेकिन बैग गाड़ी में भूल गईं. उन्हें बैग की याद आई तो आटो चालक जा चुका था. बैग में लगभग 20 ग्राम सोने के आभूषण और 25 हजार की नकदी सहित अन्य सामान थे. दुर्गावती ने बैग सुरक्षित मिलने पर पुलिस का आभार जताया है.



