उड़ान भरते समय विमान से टकराया पक्षी, 188 लोगों को लेकर फ्लाइट वापस

वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाराणसी से मंगलवार देर रात नवी मुंबई के लिए उड़ान भर रही अकासा एयर की फ्लाइट QP-1430 में गंभीर हादसा टल गया. विमान को बर्ड स्ट्राइक की घटना होने के कारण वापस एयरपोर्ट लौटना पडा. उड़ान भरने के दौरान विमान से पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने विमान को वापस एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया. घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई.
अकासा एयर की फ्लाइट का निर्धारित प्रस्थान समय रात 7:55 बजे था. विमान ने रात 10 बजे उड़ान भरी, जिसके बाद उड़ान के दौरान बर्ड स्ट्राइक की घटना हुई. स्थिति को देखते हुए पायलट ने विमान को वापस वाराणसी एयरपोर्ट लाने का निर्णय लिया और रात 10:51 बजे सुरक्षित लैंडिंग कराई गई. विमान में 182 यात्री और छह क्रू सदस्य समेत कुल 188 लोग सवार थे.

विमान के वापस लौटने के बाद संबंधित अधिकारियों ने इसकी तकनीकी जांच शुरू की. यात्रियों को एयरलाइन्स की ओर से होटल में ठहराया गया और अगले दिन अन्य उड़ानों के माध्यम से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया. हालांकि, 25 यात्रियों ने अपनी यात्रा रद कर दी.
ALSO READ:बाबा विश्वनाथ दरबार में सुगम दर्शन के नाम पर श्रद्धालुओं से वसूली करने वाले पांच और गिरफ्तार
बर्ड स्ट्राइक के कारण विमान के इंजन में प्रभावित होने की जानकारी मिली. विमान को ठीक करने का प्रयास मुंबई से आई इंजीनियरों की टीम ने बुधवार रात तक जारी रखा. बुधवार को रात 8:30 बजे विमान ठीक होकर क्रू मेंबर्स को लेकर मुंबई के लिए रवाना हुआ. यह वही विमान था जिसमें विमार यात्री के लिए मुंबई एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग हुई थी. इसी कारण विमान दो घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचा था और वापसी में बर्ड स्ट्राइक की घटना हो गई. इस घटना ने एयरपोर्ट प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए उचित कदम उठाने की आवश्यकता को उजागर किया है.



