बरेका ने रचा नया इतिहास, जुलाई में रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजनों का किया निर्माण...

BLW creates new history manufactures a record 65 electric locomotives in July
वाराणसी : बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) ने उत्पादन के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए जुलाई 2026 में एक ही माह के दौरान रिकॉर्ड 65 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया है. यह बरेका के इतिहास में किसी भी वित्तीय वर्ष के दौरान एक माह में किया गया अब तक का सर्वाधिक उत्पादन है। इससे पहले मार्च 2025 में 61 इंजनों के निर्माण का रिकॉर्ड था, जिसे अब बरेका ने स्वयं ही पीछे छोड़ दिया है.
जुलाई माह में निर्मित 65 इंजनों में 44 डब्ल्यूएजी-9एचसी (WAG-9HC) मालवाहक विद्युत रेल इंजन, 13 डब्ल्यूएपी-7 (WAP-7) यात्री विद्युत रेल इंजन तथा 8 अमृत भारत विद्युत रेल इंजन शामिल हैं. बरेका की इस उपलब्धि को आधुनिक तकनीक, बेहतर उत्पादन क्षमता और कर्मचारियों की टीम भावना का परिणाम माना जा रहा है .

स्थापना से अब तक बरेका कुल 11,445 रेल इंजनों का निर्माण कर चुका है. जिनमें 3,109 विद्युत रेल इंजन शामिल हैं। वहीं "मेक इन India, मेक फॉर द वर्ल्ड" की अवधारणा के तहत बरेका अब तक 11 देशों को 182 रेल इंजनों का निर्यात भी कर चुका है.
ALSO READ: संसद के बाहर भगवा के अपमान पर काशी के संतों में नाराजगी, मुकदमा दर्ज करने की मांग...
इस उपलब्धि पर बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का परिणाम है. उन्होंने विश्वास जताया कि रेल मंत्रालय द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित 468 विद्युत रेल इंजनों के उत्पादन लक्ष्य को भी बरेका समय से पहले और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करेगा.
बरेका की यह उपलब्धि भारतीय रेल के आधुनिकीकरण, आत्मनिर्भर भारत अभियान और भारत को वैश्विक रेल विनिर्माण केंद्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर मानी जा रही है.



