छत पर सो रहे व्यक्ति का शव घर के आंगन में मिला, परिजनों ने सुनाई ये कहानी

वाराणसी : जिले के रोहनिया थाना क्षेत्र के केसरीपुर में छत पर सो रहे अधेड़ व्यक्ति का शव शनिवार की सुबह घर के आंगन में मिलने से सनसनी फैल गई. परिजन रात में सोते समय पैर फिसलने से गिरने की बात कहते रहे. हालांकि ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले शराब पीने को लेकर पिता - पुत्र के बीच पहले विवाद फिर मारपीट हुई. इसके बाद बेटे ने पिता को जमकर पीटा था. यह भी आशंका जताई जा रही है कि पिटाई से क्षुब्ध अधेड व्यक्ति ने छत से कूद कर जान दे दी. पुलिस घटना से जुडे सभी पहलुओं पर जांच कर रही है.
शनिवार सुबह 8 बजे एक अधेड़ व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनय के रूप में हुई है. वह मूल रूप से बलिया जनपद के सिकंदरपुर का निवासी था और केसरीपुर में दरोगा नामक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहकर मजदूरी करता था. मृतक की पत्नी मनुजा ने पुलिस को बताया कि विनय नशे का आदी था. देर रात वह घर से बाहर निकला था और बाद में उसका शव घर के पास एक चाहरदीवारी के अंदर मिला.
ALSO READ : गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी, 27 जुलाई को निकलेगी भव्य प्रार्थना यात्रा
लोगों में चर्चा थी कि दो दिन पहले विनय के छोटे बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की थी, जिससे उसके शरीर पर चोट के निशान थे. लोगों का यह भी कहना है कि शिकायत के बावजूद घर में दोबारा विवाद और मारपीट हुई थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. विनय के दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है. मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.



