गो सम्मान आह्वान अभियान के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी, 27 जुलाई को निकलेगी भव्य प्रार्थना यात्रा

वाराणसी : गो सेवा, सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'गो सम्मान आह्वान अभियान' के दूसरे चरण की तैयारियां वाराणसी में पूरी कर ली गई हैं। अभियान के तहत 27 जुलाई को जनपद में भव्य प्रार्थना यात्रा निकाली जाएगी और बड़ी संख्या में नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र सरकार को सौंपा जाएगा।
अभियान के आयोजकों ने बताया कि देशभर के सभी जिलों से 27 जुलाई को 15 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्यों के राज्यपाल एवं मुख्यमंत्रियों को भेजे जाएंगे। वाराणसी से भी लगभग 5 लाख हस्ताक्षरों के साथ ज्ञापन सौंपने का लक्ष्य रखा गया है।
अभियान के माध्यम से गोहत्या निषेध हेतु केंद्रीय कानून बनाने, गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करने, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, गो आधारित कृषि को बढ़ावा देने तथा गो संरक्षण से जुड़ी अन्य मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी।
ALSO READ : शिक्षिका ने मासूम का प्राइवेट पार्ट चाकू गर्म कर दागा, अभिभावक ने लगाई गुहार
सुबह 8 बजे से शुरू होगा कार्यक्रम
जिला प्रभारी के अनुसार, सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सभी गोभक्तों से 27 जुलाई को सुबह 7:30 बजे निर्धारित स्थल श्री संकट मोचन धाम पर एकत्र होने की अपील की गई है। सुबह 8 बजे गोमाता का पूजन एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम होगा। इसके बाद सामूहिक प्रार्थना तथा "श्री राम जय राम जय जय राम" मंत्र के उच्चारण के साथ सुबह 9:15 बजे प्रार्थना यात्रा प्रारंभ होगी।
प्रार्थना यात्रा में गोमाता की झांकी, संत-महात्मा, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, युवा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर जिलाधिकारी के माध्यम से सरकार को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपा जाएगा।
अभियान के पदाधिकारियों ने जनपदवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गो सेवा, सुरक्षा और सम्मान के इस जनजागरण अभियान को सफल बनाने की अपील की है।



