वाराणसी में ट्रक ने ईंट लदे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, युवक की मौत, पिता जख्मी

वाराणसी : चोलापुर थाना क्षेत्र के भोहर गांव के पास बीती रात तेज रफ्तार ट्रक ने ईंट लदी ट्रैक्टर-टॉली को टक्कर मार दी. हादसे में ट्रैक्टर पर सवार अनिल वनवासी (22) की मौत हो गई जबकि उसके पिता पारस बनवासी (44) घायल हो गए. पिता-पुत्र दोनों ईंट भट्ठे पर मजदूरी करते थे. टक्कर के बाद ट्रक लेकर चालक भाग निकला. पिता ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कराई है.
जौनपुर केराकत थाना क्षेत्र के बेहड़ा निवासी पारस और अनिल चंदवक थाना क्षेत्र के ब्राह्मणपुर गांव में भट्ठे पर मजदूरी करते थे. रात आठ बजे पिता-पुत्र ट्रैक्टर-ट्राली चालक के साथ ईंट लादकर वाराणसी के लिए निकले. रात 10 बजे आजमगढ़ - वाराणसी मार्ग पर भोहर गांव के पास पिंक हॉस्पिटल के पास सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक ने ट्रैक्टर-टॉली में टक्कर मार दी. ट्रैक्टर-टॉली बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर घायल हो गए. हादसे में अनिल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
ALSO READ : नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी, 10 किलो काजू के साथ आरोपी गिरफ्तार
थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पिता पारस बनवासी को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. पारस की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है. परिजनों ने बताया कि अनिल का विवाह एक साल पहले ही करिश्मा से हुआ था. एक महीने की मासूम बेटी भी है. परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की मौत से उनके सामने गहरा संकट खड़ा हो गया है.



