करंट से हुई मौतों को लेकर अजय राय का सरकार पर हमला, बोले- कांग्रेस प्रभावित परिवारों साथ खड़ी

वाराणसी : कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने करंट से हुई तीन मौत के बाद सरकार पर हमला बोला. प्रभावित परिवार वालों से मुलाकात कर उन्होंने परिजनों को मदद का भरोसा दिलाया. कहा कि वाराणसी में बिजली व्यवस्था की बदहाली और प्रशासनिक लापरवाही ने एक बार फिर ‘स्मार्ट सिटी’ के दावों की पोल खोल दी है. उन्होंने सिस्टम पर सवाल खड़े किए.
चेतगंज थाना क्षेत्र के कालीमहल तिराहे पर त्रिलोकी मोदनवाल जी (50) की करंट से मृत्यु हुई. सिगरा थाना क्षेत्र के लल्लापुरा (काजीपुर खुर्द) में पिता-पुत्र की करंट से मृत्यु हो गई. दोनों परिवार वालों से मुलाकात के दौरान अजय राय ने कहा कि इस अपूरणीय क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन दुख की इस घड़ी में कांग्रेस पार्टी परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है. कहा आखिर यह कैसी स्मार्ट सिटी है, जहां आम नागरिक को सड़क पर चलते हुए भी करंट लगने का खतरा बना हुआ है.
ALSO READ : वाराणसी में ट्रक ने ईंट लदे ट्रैक्टर को मारी टक्कर, युवक की मौत, पिता जख्मी
डबल इंजन सरकार पर सवाल उठाते हुए प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है. बावजूद शहर की बुनियादी विद्युत व्यवस्था इतनी बदहाल है कि करंट उतरने से लगातार लोगों की जान जा रही है, तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा. सरकार और प्रशासन को जवाबदेही तय करनी होगी. इस दौरान राघवेंद्र चौबे, फसाहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, ओमप्रकाश ओझा, प्रिंस राय मौजूद रहे.
कांग्रेस ने सरकार से की मांग
कांग्रेस ने मांग की कि दोनों घटनाओं की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए. हादसों के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और लापरवाह कर्मचारियों पर दंडात्मक कार्रवाई की जाए. परिवारों को आर्थिक मुआवजा दिया जाए. वाराणसी की विद्युत व्यवस्था की व्यापक जांच कराकर जर्जर तारों, खुले कनेक्शनों, बिजली के पोलों और अन्य खतरनाक स्थानों को तत्काल दुरुस्त किया जाए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को ऐसी दर्दनाक त्रासदी का सामना न करना पड़े.



