लंका मुख्य मार्ग पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के पास सड़क धंसी, गड्ढा मुक्त की खुली पोल

वाराणसी : भारी बारिश ने शहरी विकास के दावों की पोल खोल दी है. इसका ताजा उदाहरण लंका मुख्य मार्ग पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर के बगल में देखने को मिला, जहां सड़क का एक बड़ा हिस्सा अचानक करीब 10 फीट नीचे धंस गया, जिससे मौके पर गहरा और खतरनाक गड्ढा बन गया है. यह मार्ग अत्यंत व्यस्त है और यहां प्रतिदिन मरीजों, तीमारदारों, छात्रों तथा आम नागरिकों का आवागमन होता है. हालांकि गड्ढे को बैरिकेड कर दिया गया है. लोगों ने सड़क को दुरुस्त करने की मांग की है.
मौके की तस्वीरें सड़क निर्माण की गुणवत्ता और विभागीय निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं. हाल की भारी बारिश के बाद बीएचयू और आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पहले ही सामने आ चुकी है और मरीजों-तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा है. लोगों का कहना है कि सरकार आधुनिक तकनीक से मजबूत सड़कों और विकास के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन लंका के मुख्य मार्ग पर सड़क का इस तरह धंस जाना उन दावों की जमीनी हकीकत की पोल खोल रही है.
ALSO READ : IMA के प्रस्तावित सात मंजिला नवीन भवन का भव्य भूमि पूजन संपन्न
प्रदेश सरकार गड्ढा मुक्त सड़कें बनाने की बात करती है. सवाल है कि जब बीएचयू ट्रॉमा सेंटर जैसे महत्वपूर्ण स्थान के पास मुख्य सड़क ही करीब 10 फीट धंस जाए, तो आखिर यह गड्ढा किस व्यवस्था की हकीकत को बयां कर रहा है. यह सिर्फ सड़क का गड्ढा नहीं, बल्कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता, भ्रष्टाचार और सरकारी निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला गड्ढा है.
महानगर अध्यक्ष, बाबा साहेब अंबेडकर वाहिनी अमन यादव की मांग है कि संबंधित विभाग तत्काल मौके पर पहुंचकर सड़क को सुरक्षित कराए, धंसने के कारणों की तकनीकी जांच कराए और यदि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता या भ्रष्टाचार सामने आता है तो जिम्मेदार अधिकारियों एवं ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए.



