कैंसर मरीज ने अस्पताल की छत से लगाई छलांग, मौत से मचा हड़कंप

वाराणसी : चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में सोमवार देर रात एक कैंसर मरीज ने अस्पताल की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली, घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया, सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए मर्चरी में रखवा दिया है.
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान रामेश्वर कुमार (35) पुत्र नंदकिशोर, निवासी ग्राम मोहजम्मा, थाना पारु, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है, वह पिछले कई दिनों से महामना मदन मोहन मालवीय कैंसर संस्थान में भर्ती होकर कैंसर का इलाज करा रहे थे.
बताया जा रहा है कि सोमवार देर रात करीब 12:50 बजे रामेश्वर कुमार अस्पताल के आईपीडी वार्ड नंबर-4 की चौथी मंजिल पर पहुंचे और वहां से नीचे छलांग लगा दी, गिरने की आवाज सुनकर अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई, तत्काल उन्हें देखने के लिए लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी.
घटना की सूचना मिलते ही चितईपुर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची, पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी में रखवा दिया गया.
ALSO READ : नगर निगम-बीएलडब्ल्यू के बीच कचरा प्रबंधन पर एमओयू, वाराणसी में बनेंगे मियावाकी वन
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, अस्पताल प्रशासन, ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों और मृतक के परिजनों से पूछताछ की जा रही है, साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि घटना के क्रम की पुष्टि की जा सके.
फिलहाल पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या का मामला मानकर जांच कर रही है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.



