कैंट स्टेशन के सामने अश्लील इशारे कर राहगीरों को परेशान करने वाली दो महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी: सिगरा थाना की एंटी रोमियो टीम ने सार्वजनिक स्थल पर राहगीरों को अश्लील इशारे कर परेशान करने के आरोप में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और असामाजिक गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिगरा थाना पुलिस को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के पास कुछ महिलाएं आने-जाने वाले लोगों को अश्लील इशारे कर परेशान कर रही हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सिगरा के निर्देशन में एंटी रोमियो टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों से पूछताछ में शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान जीविका (काल्पनिक नाम, 42 वर्ष) और रुबिया (काल्पनिक नाम, 28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों वर्तमान में वाराणसी में रह रही थीं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0327/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296 में मुकदमा दर्ज किया है।
ALSO READ : वाराणसी में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सात साल पहले इसी सड़क पर पत्नी ने तोड़ा था दम...
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, महिला कांस्टेबल ऋतम्भरा यादव, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, रिजर्व महिला कांस्टेबल छाया और मंदाकिनी शामिल रहीं।
पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।



