वाराणसी में बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, सात साल पहले इसी सड़क पर पत्नी ने तोड़ा था दम...

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित सिंहपुर रिंग रोड पर गुरुवार सुबह सड़क हादसे में 60 वर्षीय रामजी पटेल की मौत हो गई. वह अपनी पोती को साइकिल से गोइठहा स्थित स्कूल छोड़कर घर लौट रहे थे. सिंहपुर बस स्टैंड के पास हृदयपुर रिंग रोड पार करते समय तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी. हादसे के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल रामजी को स्थानीय लोगों ने निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
मृतक के पुत्र पिंटू पटेल के अनुसार, रामजी पटेल रोज की तरह सुबह पोती को स्कूल छोड़ने गए थे. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि अभी परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है. तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर फरार बाइक सवार की तलाश शुरू की जाएगी.
ALSO READ : डीएम ने 515 करोड़ का चेक उधमियों को सौपा, यूबीआई ने किया कार्यक्रम का आयोजन...
इस घटना ने परिवार के पुराने जख्म भी ताजा कर दिया है. करीब सात वर्ष पहले इसी रिंग रोड पर एक अन्य सड़क हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचीं रामजी पटेल की पत्नी तारा देवी की हृदयाघात से मृत्यु हो गई थी. अब उसी सड़क पर रामजी पटेल की मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है. दूसरी ओर गुरुवार को रामनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए सडक हादसे में एक महिला की मौत हो गई. महिला की पहचान कराई जा रही है. हादसा उस समय हुआ जब महिला सडक पार कर रही थी. उसी सयम किसी वाहन की चपेट में आ गई.



